शहर में बढ़ रही बाइक चोरी की वारदात
शहर में इन दिनों बाइक चोरी (Bike Theft) की घटनाएं लगातार सामने आ रही है लेकिन अभी तक चोर गिरोह पकड़ा नहीं गया है। पुलिस कमिश्नरेट (Police Commissionerate) के विभिन्न थानों में शुक्रवार को भी बाइक चोरी के 10 मामले दर्ज किए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज के बावजूद अभी तक बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश नहीं हो सका है।

जोधपुर : शहर में इन दिनों बाइक चोरी (Bike Theft) की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं लेकिन अभी तक चोर गिरोह पकड़ा नहीं गया है। पुलिस कमिश्नरेट (Police Commissionerate) के विभिन्न थानों में शुक्रवार को भी बाइक चोरी के 10 मामले दर्ज किए गए हैं।
सीसीटीवी फुटेज के बावजूद अभी तक बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश नहीं हो सका है। बनाड़ थाने में नांदड़ी के रहने वाले सुरेश ने मामला दर्ज करवाया कि उन्होंने धापी मार्बल रोड पर बाइक रखी थी, वहां से चोरी हो गई। रातानाडा थाने में बहादुर सिंह पुत्र हिम्मत सिंह ने बताया कि उनकी बाइक जीत अपार्टमेंट के पास से चोरी हो गई। इसी थाने में ईश्वर प्रकाश ने बताया कि उनकी बाइक रिक्तिया भैरूजी चौराहे के पास खड़ी थी, जिसे अज्ञात चोर चुरा कर ले गए।
सरदारपुरा के रहने वाले असलम ने उदय मंदिर पुलिस को रिपोर्ट देकर बताया कि पब्लिक पार्क पर गेट संख्या दो के बाहर खड़ी उनकी बाइक चोरी हो गई। महामंदिर थाने में नागोरी गेट गली नंबर 8 के स्वरूप ने रिपोर्ट दी कि उनकी बाइक सेटेलाइट अस्पताल के बाहर से चोरी हो गई। बोरानाडा थाने में भोज राम ने फैक्ट्री के आगे से बाइक चोरी होने का मामला दर्ज करवाया।
सरदारपुरा थाने में रेजिडेंसी रोड निवासी नारायण राम ने बताया कि उनकी बाइक गोयल हॉस्पिटल के पीछे से चोरी हो गई। शास्त्री नगर थाने में भवानी शंकर ने बताया कि एमडीएम हॉस्पिटल परिसर से उनकी बाइक चोरी हो गई। इसी थाने में मिल्कमैन कॉलोनी के पंकज पुत्र भागीरथ सुथार ने भी घर के बाहर से खड़ी बाइक चोरी होने का मामला दर्ज करवाया है।
बता दें कि इन दिनों बाइक चोर पुलिस की ढिलाई का फायदा उठा रहे हैं। शहर में औसतन तीन से चार बाइक रोजाना चोरी हो रही हैं। वाहन चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस अभियान भी चला रही है, लेकिन अभी तक किसी बड़े गिरोह को पकड़ने में पुलिस खाली हाथ है।

