Pratahkal - Udaipur News Update - Artisan dies after falling from second floor, uproar over compensation
उदयपुर : शहर के भूपालपुरा (Bhupalpura) थाना क्षैत्र में शिवपार्क कॉलोनी (Shivpark Colony) में निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल पर फाइबर शीट (Fiber Sheet) पर सीढ़ी लगाकर छज्जे पर टाईल्स लगाते समय शीट टूट गई और कारीगर दूसरी मंजिल से नीचे गिरने से गंभीर घायल की बुधवार सुबह अस्पताल में उपचार के दौरान मौत (Death) हो गई। मृतक के परिजनों ने ठेकेदार से मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा किया। हंगामा होता देख पुलिस डिप्टीके नेतृत्व में तीन थानाधिकारियों के साथ अतिरिक्त पुलिस ने स्थिति को संभाला और समझाईश कर मामले का निस्तारण किया ।
जानकारी के अनुसार ताणा आकोला चित्तौड़गढ़ निवासी ओमप्रकाश (28) पुत्र बालूराम सालवी अपने ही गांव के ठेकेदार मांगीलाल कुमावत के साथ निर्माणाधीन मकानों में टाईल्स व मार्बल फिटिंग का कार्य करता है। मंगलवार को शिवपार्क कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान पर दूसरी मंजिल पर फाइबर शीट पर सीढ़ी लगाकर छज्जे पर टाईल्स लगा रहा था कि अचानक दोपहर को फाइबर शीट टूट गई और दूसरी मंजिल से नीचे गिरने से सिर में गंभीर चोट लगने से घायल हो गया। उसे एमबी चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां उसकी उपचार के दौरान बुधवार सुबह मृत्यु हो गई। मृतक के परिजनों ने ठेकेदार व निर्माणाधीन मकान के मालिक से मुआवजे के रूप में 36 लाख रूपये की मांग कर हंगामा किया। उनका कहना था कि वह प्रतिदिन पांच सौ रूपये कमाता था उस आधार पर मुआवजा राशि चाहिए। हंगामा बढ़ता देख भुपालपुरा थानाधिकारी हनुवंत सिंह सौढा मुर्दाघर पहुंचे और परिवारजनों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन हालात बिगड़ते देख पुलिस डिप्टी शिप्रा राजावत, अम्बामाता थानाधिकारी रविन्द्र चारण एवं हाथीपोल थानाधिकारी योगेश चौहान के अलावा पुलिस बल भी मुर्दाघर पहुंचा। काफी समझाईश के बाद परिवारजनों को पोस्टमार्टम के लिए राजी किया। मृतक के परिजनों को ठेकेदार व मकान मालिक की ओर से एक लाख रूपये सहयोग राशि देने का समझौता हुआ।
इस पर परिजनों का कहना था कि उसका लम्बे समय से भुगतान भी बाकी है। तो ठेकेदार का कहना था कि उसने उसका सारा भुगतान कर दिया था। इस बात को लेकर भी हंगामा हुआ। इस पर थानाधिकारी ने परिजनों को समझाया कि यदि मेहनताना नहीं दिया है तो जांच में आ जायेगा और निश्चित रूप से मृतक के आश्रितों को मेहनताना दिलाया जायेगा । तब परिवारजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
Editorial

Editorial

Next Story