Pratahkal-Attempted robbery by becoming Fake Police, three accused arrested
मुंबई । फर्जी पुलिस (Fake Police) अधिकारी बनकर वाशी के एक जूलर को लूटनेवाले तीन बदमाशों को डीएन नगर पुलिस ने धर दबोचा है। आरोपियों को पुलिस ने 22 जुलाई को वारदात को अंजाम दिये जाने के बाद 24 घंटों के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के नाम मोहम्मद कागडी ऊर्फ शुभम (36), नदीम धनसे (28) और समीर केतकर (42) हैं। मोहम्मद कागडी दहिसर, नदीम रायगड़ और समीर केतकर अंधेरी का रहनेवाला है।
पुलिस के मुताबिक, शुभम ने सस्ते दाम पर सोना बेचने का झांसा देकर जूलर मनीष पूनमचंद शर्मा को एस वी रोड पर होटल मोतीमहल में सौदे के लिये बुलाया था। शर्मा अपने एक दोस्त के साथ वहां पहुंचे लेकिन उन्होंने सोना नकली देखकर सौदे से इंकार कर दिया। ठीक उसी समय आरोपी धनसे वहां पहुंचा और शर्मा के हाथों से बैग छीनकर फरार हो गया। बैग में 5 लाख रुपये की नकदी थी। शर्मा और उसके दोस्त ने दोनों आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की तो मौके पर दो और लोग पहुंच गये। ये दोनों पुलिस अधिकारी के तौर पर पेश आ रहे थे। उन्होंने बीच-बचाव का बहाना करते हुये जताया कि वे आरोपियों को लेकर पुलिस स्टेशन ले जा रहे हैं। लेकिन शर्मा के दोस्त को इन पुलिसवालों पर भी शक हो गया, लिहाजा उसने कंट्रोल रूम को तत्काल फोन कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया लेकिन दो आरोपी फरार थे। बाद में पुलिस ने इन्हें बाकायदा जाल बिछाकर अपनी गिरफ्त में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी पहले भी साल 2019 में दहिसर में फर्जी पुलिस बनकर ठगी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। इस मामले में गिरफ्तारी और फिर रिहाई के बाद एक बार फिर इन्होंने अपना पुराना धंधा शुरु कर दिया था।
Editorial

Editorial

Next Story