Pratahkal-1.25 crore embezzlement and fraud
मुंबई । करीब सवा करोड़ रुपये कीमत के 3100 ग्राम वजन के विविध हीरे जड़ित सोने और प्लैटिनम के आभूषणों का गबन कर एक निजी ज्वेलर्स कंपनी से ठगी का मामला उजागर हुआ है। यह कंपनी अंधेरी स्थित है और आरोपी इसी कंपनी में डिस्ट्रीब्यूटर और मार्केटिंग अधिकारी के तौर पर काम करता है। आरोपी का नाम सोनी सखारिया है। एमआईडीसी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गबन और ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, पंकज सुखराज जैन पेशे से कारोबारी हैं। उनका पीटी 950 वर्ल्ड ऑफ प्लैटिनम नाम से हीरे, सोने और प्लैटिनम के आभूषण निर्माण का कारोबार है। जैन मुंबई सहित पूरे देश में विविध शहरों में कारोबार करते हैं। सोनी सखारिया को इस कंपनी में उन्होंने डिस्ट्रीब्यूटर और मार्केटिंग एग्जिक्युटिव के पद पर नियुक्त किया था और चेन्नई में जूलरी कारोबारियों को आभूषणों की बिक्री की सारी जिम्मेदारी उसी को सौंपी थी। जून 2022 को सोनी के ऑर्डर के मुताबिक, कंपनी ने करीब सवा करोड़ कीमत के 3100 ग्राम वजन के 337 नग हीरेजड़ित सोने और प्लैटिनम के आभूषण चेन्नई भेजे थे। सोनी ने 30 दिनों के भीतर इसका पेमेंट होने की बात कही थी। लेकिन दो-तीन महीने बीतने पर भी सोनी ने कंपनी को कोई पेमेंट नहीं किया। इतना ही नहीं, उसने कंपनी का फोन अटेंड करना भी बंद कर दिया।
मामला संदिग्ध नजर आने पर कंपनी ने जांच की तो पता चला कि सोनी ने सवा करोड़ रूपयों का गबन कर कंपनी से ठगी की है। कंपनी की शिकायत पर जल्द ही एमआईडीसी पुलिस की एक स्पेशल टीम चेन्नई रवाना होने की तैयारी में है।
Editorial

Editorial

Next Story