Pratahkal - Jaipur News Update - At 8 stations of North Western Railway
जयपुर : रेलवे द्वारा साधारण श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिये बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने के क्रम में किफायती भोजन और सस्ता पैकेज्ड पेयजल उपलब्ध करवाने का प्रावधान किया गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे (North Western Railway) के 8 स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म पर आने वाले साधारण श्रेणी डिब्बों के निकट सर्विस काउंटर लगाकर यात्रियों को किफायती भोजन और पेयजल उपलब्ध करवाया जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी (Chief Public Relations Officer) कैप्टन शशि किरण के अनुसार रेलवे बोर्ड के दिनांक 27.06.2023 के पत्रानुसार साधारण श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों को किफायती भोजन, स्नैक्स/कॉम्बो मील और किफायती पैकेज्ड पेयजल की उपलब्ध करवाने के लिए निर्देश जारी किए गए। जिसमें प्लेटफॉर्म पर आने वाले साधारण श्रेणी डिब्बों के निकट सर्विस काउंटरों के माध्यम से किफायती भोजन, स्नैक्स/कॉम्बो मील और किफायती पैकेज्ड पेयजल के लिए रिफेसमेंट रूमस् तथा जन आहार केन्द्र को इस निर्देशित किया गया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर, अजमेर, अलवर, उदयपुर, फुलेरा, रेवाड़ी, आबूरोड़ और नागौर स्टेशनों पर सर्विस काउंटर स्थापित किए गए है। इन स्टेशनों पर सर्विस काउंटर की जगह आइआरसीटीसी और जोनल रेलवे के समन्वय से तय की गई है जहाँ पर स्टेशन पर स्थित रिफेसमेंट रूमस् तथा जन आहार केन्द्र द्वारा खाने की खाद्य सामग्री की आपूर्ति की जायेगी। वर्तमान में यह व्यवस्था प्रायोगिक तौर पर 6 माह के लिए प्रदान की गई है। स्टेशनों पर स्थापित सर्विस काउंटर के माध्यम से दो तरह के भोजन मिलेगे जिनमें मील टाइप-1 मे इकोनॉमी मील 20 रूपये में मिलेगा । इस मील में 7 पूडी (175 ग्राम), सूखी आलू सब्जी (150 ग्राम) तथा आचार (12 ग्राम) मिलेगा। मील टाइप-2 मे स्नेक्स मील (350 ग्राम) 50 रूपये में मिलेगा। स्नेक्स मील में राजमा/ छोले-चावल या खिचड़ी या कुलछे / भटूरे-छोले या पाव भाजी या मसाला डोसा को रखा गया है। स्टेशनों पर पेयजल की उपलब्धता के लिए 200 मिलीलीटर पैकेज्ड पेयजल की सुविधा भी प्रदान की गई है। यह सुविधा सर्विस काउंटर पर 3 रूपये में उपलब्ध करवाई जा रही है। रेलवे द्वारा साधारण श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए निरन्तर प्रयास किए जा रहें हैं।

Editorial

Editorial

Next Story