Pratahkal-Online fraud of 19 lakhs from the company's bank account; Two e-commerce businessmen of Rajasthan arrested


मुंबई । एक निजी कंपनी के बैंक खाते से करीब 19 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी (Online fraud) के मामले में दो ई-कॉमर्स कारोबारियों को दक्षिण प्रादेशिक साइबर सेल पुलिस ने राजस्थान (Rajasthan) से धर दबोचा है। गिरफ्तार (Arrested) आरोपियों के नाम सत्येंद्रसिंह राजावत और मुकेशकुमार चौधरी हैं। गिरफ्तारी के बाद इन दोनों आरोपियों को स्थानीय अदालत ने पुलिस हिरासत में भेज दिया है। दोनों आरोपी ई-कॉमर्स कारोबारी (e-commerce Merchant) हैं। इन आरोपियों द्वारा इसी तरह और भी कंपनियों के साथ ऑनलाइन ठगी किये जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस दोनों आरोपियों की जांच कर रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, अनिल छगनलाल जैन एक कारोबारी हैं और नेपियन सी रोड पर एक पॉश अपार्टमेंट में अपने परिवार के साथ रहते हैं। अनिल जैन की मिल्टन लाइफवेअर प्राइवेट लिमिटेड नामक एक कंपनी है जिसमें उनके साथ उनका बेटा अक्षय और हितेश शाह ये बतौर निदेशक कामकाज देखते हैं। कंपनी का कालबादेवी इलाके में एक दफ्तर है और यह कंपनी दवाईयों की होलसेल बिक्री का कारोबार करती है। अनिल जैन इस कंपनी का सारा कामकाज देखते हैं और उनका सारा कारोबार ऑनलाइन संचालित होता है। क्राफर्ड मार्केट की एक निजी बैंक में कंपनी का एक चालू खाता है। 25 मई 2023 को उनके बैंक खाते से इंटरनेट बैंकिंग के जरिये ऑनलाइन लेनदेन के जरिये 19 लाख रुपये की रकम अज्ञात व्यक्तियों द्वारा ठग ली गई थी। कंपनी प्रबंधन को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने कंपनी का बैंक खाता ब्लॉक कर दक्षिण प्रादेशिक साइबर सेल विभाग में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज कराया था। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और अगुवाई में पुलिस टीम ने इस मामले की जांच शुरु कर दी थी। प्राथमिक जांच में पता चला कि यह सारा लेनदेन राजस्थान के जयपुर शहर से किया गया है। इसके चलते साइबर सेल की एक विशेष टीम को वहां भेजा गया था। पुलिस ने जांच करते हुये शनिवार को सत्येंद्र सिंह राजपूत और उसके पार्टनर मुकेशकुमार चौधरी को हिरासत में लिया था। जांच में दोनों ने माना कि उन्होंने यह ऑनलाइन ठगी अंजाम दी थी। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार आगे की कार्यवाही के लिये मुंबई लाया गया है।
Editorial

Editorial

Next Story