Pratahkal-Monsoon Reaches Mumbai

मुंबई । मुंबई (Mumbai) समेत पूरे महाराष्ट्र (Maharashtra) में लंबे इंतजार के बाद दक्षिण-पश्चिम मॉनसून (Monsoon) का आगमन हो चुका है। मुंबई शनिवार से ही भारी बारिश (Rain) जारी है। शहर के कुछ हिस्सों में अभी भी तेज बारिश हो रही है। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी है।
आईएमडी ने कहा कि मॉनसून आज (25 जून) मुंबई में आगे बढ़ गया है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में संभावना जताई कि मुंबई में छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश होगी और अन्य स्थानों पर मध्यम बारिश होगी। आईएमडी ने मुंबई, ठाणे और पालघर में 28 जून तक बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटों (शनिवार सुबह 8 बजे से रविवार सुबह 8 बजे तक) में मुंबई शहर में 104 मिमी और पूर्वी उपनगरों और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 123 मिमी और 139 मिमी बारिश हुई। वहीँ, मॉनसूनी हवाओं के आने से शहर का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के करीब आ गया है।
मुंबई में मॉनसून दो हफ्ते की देरी से पहुंचा है। आम तौर पर केरल में मॉनसून 1 जून तक, मुंबई में 11 जून तक पहुंच जाता है। चक्रवात बिपारजॉय की वजह से महाराष्ट्र में मॉनसून की रफ्तार करीब 12 दिनों तक थम गई थी। हालांकि अब अरब सागर से उठने वाला मॉनसून गति पकड़ रहा है और बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव क्षेत्र बन रहा है। जिससे देशभर में मॉनसून सक्रीय हो गया है।
CM शिंदे ने दिए जलभराव रोकने के निर्देश
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (CM Eknath Shinde) ने मुंबई के वर्ली में मुंबई तटीय सड़क परियोजना का निरीक्षण किया। सीएम शिंदे ने वर्ली में कोस्टल रोड का दौरा किया और यहां की स्थिति का निरीक्षण किया। साथ ही जलभराव के कारणों के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि जलजमाव की स्थिति न हो।
सीएम शिंदे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “शहर के मिलन सबवे में 70 मिमी से ज्यादा बारिश होने के बावजूद भी यातायात बंद नहीं हुआ है। मैंने सभी संबंधित विभाग को कहा है कि इस बारिश में लोगों को किसी भी तरह की तकलीफ ना हो। बारिश की वजह से जलभराव ना हो, इसके लिए नगर मुख्यालय में हमारा वॉर रूम निगरानी कर रहा है।“

Editorial

Editorial

Next Story