Pratahkal-BJP MP Pritam Munde came in support of wrestlers
मुंबई । बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) के खिलाफ पिछले कई दिन से आंदोलन कर रहे देश के मेडल विनर पहलवानों के समर्थन में अब बीजेपी (BJP) सांसद उतर आई हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी महिला अपने साथ हुए यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराती है। तो पुलिस को सबसे पहले मामला दर्ज कर शिकायत पर तुरंत विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आप मामले को नजरअंदाज नहीं कर सकते हैं। प्रीतम मुंडे (Pritam Munde) भाजपा की पहली ऐसी नेता हैं, जिन्होंने पहलवानों का समर्थन किया है।
प्रीतम मुंडे ने बीड जिले में संवाददाताओं से कहा कि पुलिस को तुरंत यौन उत्पीड़न के किसी भी मामले को दर्ज करना चाहिए। हालांकि, बाद में अधिकारी तय कर सकते हैं कि शिकायत सही है या नहीं। साक्षी मलिक, विनेश फोगाट, बजरंग पुनिया और संगीता फोगाट सहित ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेता पहलवानों ने भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के निवर्तमान प्रमुख और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह की कथित रूप से गिरफ्तारी की मांग को लेकर नई दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया।
  • क्या बोलीं प्रीतम मुंडे?
पहलवानों ने बृजभूषण पर आरोप लगाया कि उन्होंने नाबालिग समेत कई महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न किया। इस बारे में पूछे जाने पर प्रीतम मुंडे ने कहा कि मैं सांसद के तौर पर नहीं, बल्कि एक महिला के तौर पर कहती हूं कि अगर किसी महिला की तरफ से ऐसी शिकायत आती है तो उसका संज्ञान लिया जाना चाहिए। इसकी पुष्टि की जानी चाहिए।
  • मामला दर्ज न करना है लोकतंत्र के खिलाफ
बीजेपी नेता ने कहा कि जांच के बाद अधिकारियों को यह तय करना चाहिए कि यह मामला उचित है या अनुचित। लेकिन सबसे पहले मामले को संज्ञान में लेना चाहिए। बीड से लोकसभा सदस्य ने कहा कि अगर संज्ञान नहीं लिया जाता है, तो लोकतंत्र में इसका स्वागत नहीं किया जाता है। वहीं, उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले का संज्ञान अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लिया जा रहा है। प्रीतम ने आगे यह भी कहा कि अब अगर मैं जांच कमेटी की मांग करती हूं तो यह पब्लिसिटी स्टंट होगा। मुंडे ने कहा, मुझे उम्मीद है कि इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।
Editorial

Editorial

Next Story