Pratahkal-Mumbai-Bank Employee Misbehaved with the customer who went to deposit two thousand notes
मुंबई । दो हजार के नोट बंद कर दिये गये हैं और बैंक में इन नोटों को जमा करने के लिये 30 सितंबर तक का समय दिया गया है। ग्राहक अपनी दिक्कतों के बावजूद दो हजार के नोट बदलवाने के लिये बैंक तो पहुंच रहे हैं लेकिन वहां भी बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों द्वारा नियम-कानूनों के नाम पर उनसे बदसलूकी की शिकायतें सामने आ रही है। इसी तरह का एक मामला वसई में सामने आया है जहां बैंक कर्मचारियों ने एक ग्राहक से बदसलूकी की (Bank Employee Misbehaved) है।
मिली जानकारी के मुताबिक, बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों द्वारा ग्राहक से बदसलूकी का मामला वसई के माणिकपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। माणिकपुर इलाके में जैन एंड जैन नामक दुकान के मालिक निखिल जैन सोमवार को दोपहर 12 बजे के करीब माणिकपुर में एक प्रतिष्ठित बैंक में अपनी दुकान की नकदी जमा करने पहुंचे थे। इस नकदी में कुछ दो हजार रुपये के नोट भी शामिल थे। बैंक ने रकम तो जमा कर ली लेकिन शाम 5 बजे के करीब बैंक की ओर से जैन को फोन कर फिर बैंक बुलाया गया। वहां जैन से आधार कार्ड की मांग की गई। जैन ने इस बाबत आरबीआई के नियमों के बारे में पूछा तो बैंक मैनेजर ने उनसे बहस करनी शुरू कर दी जो बाद में झगड़े में तब्दील हो गई। इस दौरान बैंक के असिस्टेंट मैनेजर कार्तिक अय्यर ने जैन से नकदी जमा लेने से इंकार करते हुये जैन का चष्मा तोड़ दिया। जैन ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई। जैन ने इस पूरे मामले का वीडियो भी तैयार किया था। माणिकपुर पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। बैंक कर्मचारियों की ओर से इस बाबत कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। माणिकपुर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संपतराव पाटील के मुताबिक, मामला दर्ज किया है और जांच चल रही है। इसके साथ ही बैंक में पुलिसकर्मियों को भेजकर दो हजार के नोट बदलवाने आये ग्राहकों से बदसलूकी नहीं करने की चेतावनी भी बैंक अधिकारियों को दी गई है।

Editorial

Editorial

Next Story