lottery

जोधपुर (कासं ) । लक्की मोबाइल नम्बर के आधार पर लॉटरी में 51 लाख रुपए का इनाम हासिल करने के झांसे में आए एक युवक ने 65 लाख रुपए गंवा दिए। पुलिस के अनुसार सूंथला निवासी सुरेश कुमार ने अज्ञात ठगों के खिलाफ 65 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि मई 2021 में अनजान नम्बर से संदेश आया था कि मोबाइल नम्बर के आधार पर 51 लाख रुपए का इनाम जीत सकते हो। बातों में आकर पीड़ित ने अनजान लिंक पर क्लिक कर एप डाउनलोड किया, जिसमें ऑनलाइन गैम्बिलिंग के तीन गेम थे। ऐप में आइडी पासवर्ड बनाकर एक गेम खेला गया, लेकिन मोबाइल नम्बर की लॉटरी राशि दिखाई नहीं दी। कुछ देर बाद 51 लाख रुपए बतौर क्रेडिट दिखाई देने लगे। लेकिन पहले मैसेज के जरिए अलग- अलग यूपीआई आइडी से रुपए जमा करवाने को कहा गया। 51 लाख रुपए हासिल करने के लालच में वह रुपए जमा करवाता रहा, लेकिन 51 लाख रुपए विड्रॉल करने पर रोक लगा रखी थी। मार्च 2022 में आइडी ब्लॉक कर दी गई। परिचित मित्र व बैंकों से उधार लेकर करीब 65 लाख रुपए विभिन्न यूपीआइ आइडी से जमा करा दिए गए।

Next Story