Rajasthan Congress
जयपुर ( कार्यालय संवाददाता) । राजस्थान प्रदेश कांग्रेस (Rajasthan Congress) में उठापटक के बीच पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती देने के प्रयास जारी है। संगठन की मजबूती के लिए पदाधिकारियों की नियुक्ति का दौर जारी है। कांग्रेस संगठन में हजारों पदों पर नियुक्तियां पिछले चार साल से अटकी पड़ी थी। कार्यकर्ताओं की मांग को भी दरकिनार किया जाता रहा लेकिन दिसंबर 2022 में सुखजिन्दर सिंह रंधावा के प्रभारी बनने के बाद नियुक्तियों का दौर शुरू हुआ पिछले छह महीने में 380 से ज्यादा ब्लॉक अध्यक्षों सहित सैंकड़ों पदों पर नियुक्तियां दी गई है, जिनमें प्रदेश कार्यकारीणी के कई पद भी शामिल हैं।
शनिवार को 85 प्रदेश सचिवों की नियुक्ति की गई। इसके साथ ही जिला कांग्रेस कमेटियों में भी नियुक्तियां दी जा रही है। गुरुवार को नागौर जिला कांग्रेस कमेटी संगठन महामंत्री, कोषाध्यक्ष उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिवों सहित में 71 पदाधिकारियों को नियुक्तियां दी गई।
  • एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस और महिला विंग में काम करने वालों का प्रमोशन
अब विधानसभा चुनाव नजदीक आए तो संगठन के पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं की याद आई है। स्थानीय लेवल पर पार्टी के फायदे को देखते हुए नियुक्तियां की जा रही है। एक्टिव कार्यकर्ताओं को प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल किया जा रहा है ताकि वे पार्टी की ओर से होने वाले कार्यक्रमों भीड़ जुटा सकें और सरकार की योजनाओं को गांव ढाणी तक पहुंचा सके। शनिवार को 85 प्रदेश सचिवों की नियुक्ति की गई। अब बड़ी संख्या में उपाध्यक्ष, महामंत्री और अन्य पदों पर भी पदाधिकारियों की जंबो लिस्ट तैयार की जा रही है। साथ ही जिला लेवल पर भी नियुक्तियां देकर उपकृत किया जा रहा है ताकि चुनावी साल में पार्टी को फायदा मिल सके।
  • गहलोत गुट के कार्यकर्ताओं को प्रदेश कार्यकारिणी में मिली जगह
85 प्रदेश सचिवों की लिस्ट में अधिकतर युवा नेता मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (CM Ashok Gehlot) के कट्टर समर्थक हैं। प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा का कहना है कि पार्टी के प्रति समर्पित और सक्रिय युवाओं को प्रदेश कार्यकारिणी में अवसर दिया गया है ताकि संगठन को और ज्यादा मजबूती दी जा सके। चूंकि यह चुनावी साल है। ऐसे में सरकार की योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाना बेहद जरूरी है। प्रदेश सचिव की नई नियुक्तियों में ज्यादातर वे नेता शामिल हैं जो यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस में काम कर चुके हैं। नियुक्तियों में जातिय समीकरणों का विशेष ध्यान रखा गया है।

Next Story