Pratahkal - Udaipur - Gulab Bagh
उदयपुर : नगर निगम में शुक्रवार को हुई प्रशासनिक समिति की बैठक (Administrative committee meeting) में ही स्वास्थ्य अधिकारी व उद्यान विभाग के एईएन ने गुलाबबाग (Gulab Bagh) की जिम्मेदारी लेने से इंकार कर दिया। मामला इतना बढ़ गया कि जब अधिकारियों ने ही जिम्मेदारी लेने से इंकार कर दिया तो उद्यान समिति अध्यक्ष ने भी एक बार हाथ खींच लिए। बाद गुलाबबाग की जिम्मेदारी स्वास्थ्य शाखा के पास जा रही थी तो अन्य समिति अध्यक्षों ने बीच में आकर गुलाबबाग की जिम्मेदारी स्वास्थ्य और उद्यान शाखा की तय की। इस बैठक में अधिकारियों द्वारा जिम्मेदारी लेने से साफ इंकार करने से चर्चा का विषय बना रहा।
नगर निगम में हुई प्रशासनिक समिति की बैठक में महापौर जीएस टांक ने सभी समिति अध्यक्षों से गुलाबबाग के लिए सुझाव मांगे तो छोगालाल भोई ने कहा कि पिछले एक माह से महापौर और उप महापौर जा रहे है तो वे बताएं कि क्या कमी है इसके बाद समिति अध्यक्ष सुझाव देंगे। साथ ही कहा कि कांग्रेस के सहवृत पार्षदों ने इस मुद्दे को बनाया और ऐजेन्डा बनाकर काम किया। इस दौरान उद्यान समिति अध्यक्ष महेश त्रिवेदी ने नियम बताए कि गुलाबबाग में इतने कर्मचारी है और ये व्यवस्था होनी चाहिए। यह सुनकर उप महापौर पारस सिंघवी ने आक्रोश जताते हुए कहा कि उद्यान समिति अध्यक्ष को जाकर गुलाबबाग को चैक करना चाहिए था पर आज तक उद्यान समिति अध्यक्ष ने आकर कोई बात नहीं बताई। इस छोगालाल भोई ने कहा कि ठेके में साफ लिखा कि सप्ताह में एक बार स्वास्थ्य अधिकारी जाकर चैक करेगा और महिने में एक बार महापौर और आयुक्त चैक करेंगे। इस पर उप महापौर सिंघवी विरोध जताते हुआ और कागज दिखाते हुए कहा कि ठेके वाले दस्तावेज में कहीं भी नहीं लिखा है कि स्वास्थ्य अधिकारी जाकर चैक करेगा। इस पर भोई ने आयुक्त वासुदेव मालावत से पूछा कि जब भी कोई टेण्डर होता है तो अपने आप ही संबंधित विभाग में इसकी जानकारी जाती है या नहीं तो आयुक्त ने स्वीकारा कि जाती है तो भोई ने पूछा कि स्वास्थ्य अधिकारी के पास यह जानकारी क्यों नहीं गई। छोगालाल भोई ने कहा कि यह तो अधिकारियों की गलती है कि उन्होंने ये जानकारी स्वास्थ्य अधिकारी तक नही पहुँचाई ।
बाद में सुझाव मांगे तो छोगालाल भोई ने कहा कि निगम को गुलाबबाग के लिए एईएन को गुलाबबाग का अधीक्षक बनाकर गुलाबबाग में ही बैठाना चाहिए, जिसकी जिम्मेदारी हो कि वह गुलाबबाग का ध्यान रखे और जो भी कमी हो तो संबंधित विभाग को लिखे और ठेकेदार लापरवाही बरत रहा हो तो उसके खिलाफ कार्यवाही करे। इस पर आयुक्त मालावत ने उद्यान विभाग के एईएन आवेश मोहम्मद से कहा कि गुलाबबाग तुम देखोगे। आवे मोहम्मद ने बैठक में खड़ा होकर साफ मना कर दिया कि मैं गुलाबबाग की जिम्मेदारी नही ले सकता हूँ और ना ही वहां पर जाकर देख सकता हूँ। इस पर भोई ने कहा कि स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा काबिल अफसर है। उन्हें गुलाबबाग का अधीक्षक बना देना चाहिए। इस पर सत्यनारायण शर्मा ने भी भरी बैठक में खड़े होकर कहा कि मैं भी गुलाबबाग की जिम्मेदारी नहीं ले सकता हूँ। इस पर आयुक्त ने कहा कि गुलाबबाग को उद्यान समिति के जिम्मे दिया। इस पर उद्यान समिति अध्यक्ष महेश त्रिवेदी ने भी कहा कि जब अधिकारी ही जिम्मेदारी लेने से पीछे हो रहे है तो समिति अध्यक्ष कैसे गुलाबबाग की जिम्मेदारी ले सकता है। इस पर उप महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि अधिकारियों के मना करने से क्या होगा, हम बोर्ड की इज्जत को गिरने थोड़ी देंगे। सिंघवी ने कहा स्वास्थ्य समिति गुलाबबाग की देखभाल करेगी। इस पर स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष वेणीराम सालवी ने कहा कि गुलाब बाग की जिम्मेदारी उद्यान को ही दी जाए। छोगालाल भोई ने कहा कि इस तरह से तो उद्यान समिति अध्यक्ष की बदनामी होगी और यदि हर समिति का काम स्वास्थ्य शाखा ही करेगी तो अगले बोर्ड में कैसे काम चलेगा। बाद में तय किया गया कि गुलाबबाग की जिम्मेदारी स्वास्थ्य शाखा और उद्यान शाखा दोनों संभालेंगे।
Editorial

Editorial

Next Story