✕
उदयपुर कलक्टर ताराचंद मीणा का सागवाड़ा में नागरिक अभिनंदन
By EditorialPublished on
जिला कलक्टर ताराचंद मीणा को राज्य सरकार की और से मुख्यमंत्री उत्कृष्ट अवार्ड (सीएम एक्सीलेंस अवार्ड) से सम्मानित किए जाने पर डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा शहर में भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।
_202305021708208661.png)
x
_202305021708208661.png)
उदयपुर। जिला कलक्टर ताराचंद मीणा को राज्य सरकार की और से मुख्यमंत्री उत्कृष्ट अवार्ड (सीएम एक्सीलेंस अवार्ड) से सम्मानित किए जाने पर डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा शहर में भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। जल संसाधन मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीया, टीएडी मंत्री अर्जुनसिंह बामनिया, वरिष्ठ समाजसेवी दिनेश खोडणिया, पूर्व राज्यमंत्री असरार अहमद, खेरवाड़ा विधायक दयाराम परमार, प्रतापगढ़ विधायक रामलाल मीणा, विधायक नगराज मीणा, पूर्व विधायक लालशंकर घाटिया व शंकरलाल अहारी, जनजाति आयोग सदस्य पन्नालाल मीणा, सागवाड़ा नगरपालिका अध्यक्ष नरेन्द्र खोडणिया सहित कई विशिष्ट अतिविशिष्ट जनों की मौजूदगी में आयोजित अभिनंदन समारोह में कलक्टर मीणा को अतिथियों द्वारा फूलमालाओं, शाल ओढ़ाकर व अभिनंदन पत्र देकर सम्मानित किया । कलक्टर ताराचंद मीणा ने कहा कि अच्छा काम करने पर सम्मान ज़रूर मिलता है और सम्मान से भी बड़ी बात है आत्म संतुष्टि जो इस आदिवासी क्षेत्र में काम करके मिली है। उन्होंने कहा कि कलक्टर सरकार का चेहरा होता है और हमने सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को आम जन तक पहुंचाने का काम किया है। कलेक्टर मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जब जब भी उन पर भरोसा किया है वे उस पर खरे उतरा हैं।
उदयपुर सामाजिक समरसता का शहर है और सर्व समाज का विकास कैसे किया जाए उस पर उन्होंने पूरी संवेदनशीलता के साथ काम किया है वहीं जिले के दूरस्थ पिछड़े क्षेत्र पर फोकस करते हुए राज्य सरकार की कल्याणकारी विकास योजनाओं के माध्यम से राहत दी है। नगरपालिका अध्यक्ष नरेंद्र खोडनिया ने कहा कि ऐसे आदिवासी अफ़सर के अभिनंदन पर समूचे वागड़ को गर्व है। केबिनेट मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया ने कहा कि कलक्टर मीणा ने जनजाति अंचल में राज्य सरकार की मंशाओं के अनुरूप सर्वतोमुखी विकास को सोच को सार्थक साबित किया है। प्रशासनिक सेवा के माध्यम से भी समाजसेवा ज्यादा बेहतर तरीके से की जा सकती है, यह मीणा ने बताया है।
मुख्यमंत्री की परीक्षा में पास होना बड़ी बात
टीएडी मंत्री अर्जुन बामणिया ने कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत की परीक्षा में पास होना बड़ी बात है। कलेक्टर ताराचंद मीणा को भरोसे के साथ उदयपुर भेजा था और उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से दिए गए हर कार्य को बेहतर ढंग से किया इसलिए उन्हें सम्मान मिला है। कोटड़ा क्षेत्र में ट्राइबल मेला आयोजित करने का श्रेय कलेक्टर मीणा को ही जाता है। विधायक नगराज मीणा, प्रतापगढ़ विधायक रामलाल मीणा, विधायक दयाराम परमार, वरिष्ठ समाजसेवी दिनेश खोडनिया, पूर्व राज्यमंत्री असरार अहमद ने विचार रखे। समाजसेवी सुरमाल परमार ने अभिनंदन पत्र का वाचन किया। पूर्व विधायक शंकरलाल अहारी, लालशंकर घाटिया, नानालाल निनामा, धीरज मेहता, सरपंच संघ अध्यक्ष कैलाश रोत, जिला परिषद सदस्य हरीश अहारी सहित कई जनप्रतिनिधि व नागरिक मौजूद थे। संचालन ललित पंचाल ने किया। आभार पन्नालाल मीणा ने व्यक्त किया।

Editorial
Next Story
Related News
X
