Singapore International Bullet Railroad
उदयपुर : उदयपुर सिटीजन सोसायटी (Udaipur Citizen Society) ने पश्चिम एशिया रेल नेटवर्क (West asia rail network) के साथ उदयपुर (Udaipur) से सिंगापुर अंतरराष्ट्रीय बुलेट रेलमार्ग (Singapore International Bullet Railroad) पर विचार करने का आग्रह किया है। उदयपुर सिटीजन सोसायटी (Udaipur Citizen Society) अध्यक्ष क्षितिज कुम्भट, सचिव कमल नाहटा के नेतृत्व में उदयपुर से नाथद्वारा गए प्रतिनिधिमण्डल ने रेलवे बोर्ड चेयरमैन व सीईओ अनिल कुमार लाहोटी को पत्र देकर आग्रह किया कि भारत पश्चिम एशिया में रेल नेटवर्क पर कदम बढ़ा रहा है।
इससे व्यवसाय जगत भविष्य की संभावनाएं देख रहा है। सोसायटी ने पूर्वी एशिया में सिंगापुर तक के रेल नेटवर्क पर भी कदम बढ़ाने, उदयपुर से सिंगापुर अंतरराष्ट्रीय बुलेट रेलमार्ग के उदयपुर के सपने को साकार करने की मांग की।
कुम्भट ने पत्र में बताया कि सोसायटी के सदस्य स्वाधीनता सेनानी स्व. हुकमराज मेहता ने वर्ष 2001 में लंदन-कोलकाता- सिंगापुर वाया उदयपुर अंतरराष्ट्रीय रेलमार्ग का विजन प्रस्तुत किया था। तब बुलेट ट्रेन जैसी अवधारणा नहीं रही, लेकिन आज के परिप्रेक्ष्य में इस सपने में बुलेट ट्रेन अवधारणा को जोड़ दिया जाए तो वैश्विक स्तर पर भारत न केवल एक कीर्तिमान बनाएगा, बल्कि 'वसुधैव कुटुम्बकम' के अपने आध्यात्मिक संदेश को भी गुंजारित करेगा। 11 नवम्बर 2001 को सोसायटी की ओर से सांसद सम्मेलन में मेहता ने नवम्बर 2000 में 'मेकांग गंगा को- ऑपरेशन' घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर का संदर्भ देते हुए बताया था कि इसमें परिवहन गलियारों को विकसित करने के प्रावधान हैं। इससे एशियाई राजमार्ग परियोजना को कोलालमपुर, होचिमिन्ह सिटी, फोनपेन, बैंकॉक, विएतनिअंस चिंगमाई, यांगून (रंगून) मैंडले, केलेमिया, टैमी, ढाका और कोलकाता माध्यम से सिंगापुर को नई दिल्ली से जोड़ने की उम्मीद बंधी । आज बुलेट ट्रेन के मार्ग में उदयपुर अंचल का बड़ा हिस्सा शामिल किया जाना प्रस्तावित है, ऐसे में उदयपुर से सिंगापुर तक अंतरराष्ट्रीय रेलमार्ग कोई बड़ी चुनौती नहीं है। प्रतिनिधिमण्डल में देवेन्द्र जावलिया, नीलेश कारवां, एससी वर्मा भी शामिल थे।
Editorial

Editorial

Next Story