Crime
मुंबई । निवेश की रकम 24 घंटों के भीतर दोगुना करने का झांसा देकर भायंदर (Bhayandar) के 45 साल के एक स्टील यूटेंसिल निर्यातक कारोबारी से 30 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। स्टील कारोबारी (Steel Businessman) का नाम रवी मेहता है।
कारोबारी मेहता की शिकायत के मुताबिक, उनके एक परिचित के जरिये उनकी चार लोगों से जान-पहचान हुई थी। उन्होंने मेहता को 30 लाख के निवेश करने का प्रस्ताव दिया था। प्रस्ताव के मुताबिक, उन्होंने मात्र एक दिन में 30 लाख के निवेश के बदले में 54 लाख रुपये लौटाने का आश्वासन दिया था। इसके लिये आरोपियों ने किसी स्पैनिश डिजीटल वॉलेट की स्कीम का हवाला दिया था।
पहले तो मेहता ने केवल 5 लाख रुपये का ही निवेश किया और अगले ही दिन उस वॉलेट ने मेहता के निवेश पर 3.5 लाख रुपये का प्रॉफिट दिखाया। इसके बाद मेहता को इस स्कीम पर भरोसा हो गया और उन्होंने बाकी रकम भी निवेश कर दी। इस तरह से उन्होंने 30 लाख रुपये निवेश किये जबकि चौबीस घंटे बीतने के बाद ना तो उन्हें उनकी निवेश की रकम मिली और ना ही कोई मुनाफा हाथ लगा। बावजूद इसके जालसाजों ने केवल वक्त काटने के लिये मेहता को कुछ विदेशी बैंकों के फर्जी खातों के हवाले से कई ईमेल भेजना जारी रखा जिसके मुताबिक, उनके वॉलेट में जल्द ही रकम ट्रांसफर होने जा रही है।
इंतजार के बाद भी जब कुछ नहीं हुआ तो मेहता को अपने साथ ठगी का पक्का यकीन हो गया। मेहता ने भायंदर पुलिस में इस ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने फिलहाल एक शख्स को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच में जुटी है और दावा कर रही है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
Editorial

Editorial

Next Story