✕
माण्डवा: घायल पुलिसकर्मियों से मिलने पहुंचे एडीजी
By EditorialPublished on
जिले के माण्डवा थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने गई पुलिस टीम पर बदमाशों व ग्रामीणों द्वारा हमला कर घायल करने के मामले में शुक्रवार को एडीजी विजिलेंस बीजू जॉर्ज जोसफ घायलों से मिलने के लिए पहुँचे, इस दौरान उनके साथ आईजी उदयपुर रेंज भी रहे।
_202304291726342716.png)
x
_202304291726342716.png)
उदयपुर. नगर संवाददाता | जिले के माण्डवा थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने गई पुलिस टीम पर बदमाशों व ग्रामीणों द्वारा हमला कर घायल करने के मामले में शुक्रवार को एडीजी विजिलेंस बीजू जॉर्ज जोसफ घायलों से मिलने के लिए पहुँचे, इस दौरान उनके साथ आईजी उदयपुर रेंज भी रहे। इस दौरान एडीजी ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही के निर्देश दिए। इधर जिन बदमाशों ने हमला किया वे जंगलों की ओर फरार हो गए और पूरे गांव के अधिकांश घर खाली मिले। घरों में महिलाएं व बच्चे तक नहीं मिले।
जानकारी के अनुसार माण्डवा थानाधिकारी उत्तम सिंह के नेतृत्व में गुरूवार को भारी पुलिस जाब्ता कूकावास गांव में लूटपाट करने का कुख्यात अपराधी रणिया व उसके गिरोह को पकड़ने के लिए गई थी। गांव में जाते ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना रणिया को दी, जिस पर रणिया पहाड़ी पर चला गया और वहां पर जाते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग कर दी। इधर ग्रामीणों ने भी रणिया के समर्थन में आकर पथराव करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने गोफण से पत्थर फेंके, जिससे पुलिसकर्मियों को चोटे आई । एकदम से हुए हमले में पुलिसकर्मी घायल हो गए। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर थानाधिकारी से एक पिस्टल व एसएलआर राईफल ले लिए। पुलिस बड़ी मशक्कत से वहां से जान बचाकर निकली। इस घटना में थानाधिकारी उत्तम सिंह के साथ-साथ पुलिसकर्मी मुरलीधर पालीवाल, मनोज, सूरजमल, सोहन, देवेन्द्र सिंह को भी चोंट आई है। जिन्हें एमबी चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया जहां पर उनका उपचार किया जा रहा है। शुक्रवार को घायल पुलिसकर्मियों व अधिकारियों से मिलने के लिए एडीजी बीजू जॉर्ज जोसफ एमबी चिकित्सालय पहुँचे, उनके साथ आईजी अजय पाल लाम्बा भी रहे। एडीजी जोजफ ने घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर उनका हालचाल पूछा। साथ ही एसपी को फोन कर ऐसे आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही के लिए कहा। इधर एसपी के नेतृत्व में भारी जाब्ता कूकावास गांव में पहुँचा और वहां पर पुलिस टीम ने पूरे गांव को घेर लिया। गांव के अधिकांश घर खाली मिले और रणिया सहित पूरा गिरोह जंगली क्षेत्र में भाग गया है। पुलिस टीमें रणिया गिरोह की तलाश में जंगल-जंगल में घूम रही है। वहीं गांव में महिलाएं, बच्चे तक पलायन कर गए है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शीघ्र ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Editorial
Next Story
Related News
X
