✕
ऑपरेशन कावेरी: सूडान से लौटे भारतीयों ने सुनाई आपबीती
By EditorialPublished on
हिंसाग्रस्त सूडान में फंसे भारतीयों को निकालने का सिलसिला जारी है। भारतीय वायु सेना के दो परिवहन विमानों के जरिए सूडान से 250 भारतीयों को निकाला गया है। इससे पहले नौसेना के जहाज आईएनएस सुमेधा के माध्यम से इस हिंसाग्रस्त अफ्रीकी देश से 278 नागरिकों को निकाला गया था। सूडान से आने वाले भारतीय हिंसा की दिल दहला देने वाली घटनाओं की आपबीती सुना रहे हैं।
_202304271316315573.png)
x
_202304271316315573.png)
जेद्दा (एजेंसी)। हिंसाग्रस्त सूडान में फंसे भारतीयों को निकालने का सिलसिला जारी है। भारतीय वायु सेना के दो परिवहन विमानों के जरिए सूडान से 250 भारतीयों को निकाला गया है। इससे पहले नौसेना के जहाज आईएनएस सुमेधा के माध्यम से इस हिंसाग्रस्त अफ्रीकी देश से 278 नागरिकों को निकाला गया था। सूडान से आने वाले भारतीय हिंसा की दिल दहला देने वाली घटनाओं की आपबीती सुना रहे हैं। सूडान से निकालकर सऊदी अरब के जेद्दा पहुंचाए गए भारतीयों ने बताया कि उनके सीने पर बंदूक रखकर उन्हें 8 घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। उन्होंने कहा कि उनके घरों में घुसकर लूटपाट की गई।
भारतीय सेना ने खाना खिलाया
भारत लौटने वाले नागरिकों ने सूडान की भीषण स्थितियों के बारे में बताया है। एएनआई द्वारा पोस्ट किए गए एक वीडियो में नागरिकों में से एक को सूडान में दंगों की स्थिति के बारे में बात करते हुए देखा जा सकता है। उनका कहना है कि भारत सरकार ने उन्हें जहाज से लाने की व्यवस्था की। उनका यह भी कहना है कि नागरिकों को भारतीय सेना ने खाना खिलाया। एक भारतीय नागरिक ने कहा कि सूडान में लड़ाई चरम स्तर पर है। उन्होंने कहा कि हिंसा ठीक उनके घरों के बाहर हो रही थी और उन्हें खाने तक के लिए संघर्ष करना पड़ रहा था। एक अन्य नागरिक ने कहा कि उन्होंने पिछले दो-तीन दिनों से खाना नहीं खाया था।
8 घंटे तक बंधक बनाकर रखा
एक अन्य नागरिक ने एएनआई से बात करते हुए कहा, सूडान में अर्धसैनिक बल हमारी कंपनी के करीब थे। सुबह 9 बजे वे हमारी कंपनी में घुसे और फायरिंग शुरू कर दी और हमें लूट लिया । उन्होंने हमें आठ घंटे तक बंधक बनाकर रखा। उन्होंने अपनी बंदूकें हमारे सिर और सीने पर तान रखीं थीं और हमें लूटा। उन्होंने कंपनी में सब कुछ नष्ट कर दिया। उन्होंने फाइलों को भी नष्ट कर दिया और हमारे लैपटॉप और मोबाइल फोन चुरा लिए। इसके बाद हमने दूतावास से संपर्क किया.... हमारे पास खाना नहीं था । हम एक गांव में छिपे हुए थे। हमने डीजल की व्यवस्था की और दूतावास से हमें निकालने के लिए बसों की व्यवस्था करने को कहा।
सूडान में थे 3000 भारतीय
विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन भारतीयों को निकालने के प्रयासों की निगरानी के लिए मंगलवार को जेद्दा (सऊदी अरब) पहुंचे। उन्होंने सऊदी बंदरगाह शहर में भारतीयों के आगमन के बाद उनकी अगवानी की। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, जेद्दा पहुंचे सभी लोगों के लिए भारत की आगे की यात्रा शीघ्र ही शुरू होगी। मंगलवार तक पोर्ट सूडान में जमा हुए अधिकांश भारतीय नागरिकों को अब सऊदी अरब भेज दिया गया है। भारतीय अधिकारी अभी भी सूडान की राजधानी खातूम के पास स्थित सैन्य हवाई अड्डों के इस्तेमाल सहित अन्य स्थानों से फंसे हुए भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए विभिन्न विकल्पों की तलाश कर रहे हैं। लड़ाई के समय सूडान में लगभग 3000 भारतीय नागरिक थे, जिनमें से अधिकांश खातूम में थे।

Editorial
Next Story
Related News
X
