✕
फ्री बिजली, बढ़ी पेंशन और 500 रूपये में गैस सिलेण्डर का गारंटी कार्ड पाकर खिले चेहरे
By EditorialPublished on
राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में महंगाई राहत कैंप तथा प्रशासन गांवों एवं शहरों के संग अभियान शिविरों के दूसरे दिन मंगलवार को सर्वत्र अपार उत्साह दिखाई दिया। शिविर स्थल पर आमजन सरकार की इस सुविधा का लाभ लेने के लिए कतारबद्ध दिखे।

x

उदयपुर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में महंगाई राहत कैंप तथा प्रशासन गांवों एवं शहरों के संग अभियान शिविरों के दूसरे दिन मंगलवार को सर्वत्र अपार उत्साह दिखाई दिया। शिविर स्थल पर आमजन सरकार की इस सुविधा का लाभ लेने के लिए कतारबद्ध दिखे। शहर के गांधी ग्राउंड से लेकर दूरस्थ कोटड़ा अंचल तक गांव-शहरों में आयोजित महंगाई राहत कैंप एवं प्रशासन शहरों के संग अभियान शिविर में हर वर्ग लाभ लेने के लिए पहुंचा। यहां लाभार्थियों के पंजीकरण के लिए तैयार की गई कैनोपी में ऑनलाईन पंजीकरण किया गया और हाथों-हाथ पात्रता रखने वाले योजनाओं में पंजीयन कर गारंटी कार्ड सौंपा तो लाभार्थी चेहरे पर मुस्कान लेकर लौटे।
राज्य सरकार द्वारा आयोजित महंगाई राहत कैंप एवं प्रशासन शहरों के संग अभियान शिविर को सफल बनाने की दृष्टि से जिले के आला अधिकारी और जनप्रतिनिधि निरीक्षण भी कर रहे हैं। मंगलवार को जिला कलक्टर ताराचंद मीणा भी नगर निगम द्वारा सविना मण्डी में आयोजित महंगाई राहत कैंप में पहुंचे और यहां लाभार्थियों को दी जा रही विभिन्न सुविधाओं का जायजा लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश प्रदान किए। कलक्टर मीणा ने शिविर प्रभारी शैलसिंह सोलंकी से कैंप व शिविर के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अब तक हुए पंजीयन के बारे में पूछा। इस दौरान कलक्टर मीणा ने पात्रजनों को विभिन्न योजनाओं के तहत मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों से चर्चा भी की और उन्हें सरकार की ओर से दी जाने वाली हर सुविधा का लाभ उठाने का किया। कलक्टर ने शिविर स्थल पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आने वाले हर पात्र लाभार्थी को पूर्ण सुविधा के साथ लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए। इस मौके पर पार्षद मदन बाबरवाल, गणेशचंद्र शर्मा, एईएन आदित्य आमेटा, विनोद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद थे।
जनप्रतिनिधियों ने किया कैंप का निरीक्षण
जिले के परसाद में आयोजित शिविर में पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा ने शिविर का अवलोकन किया और पात्रजनों को लाभान्वित किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों को सरकार के इस अभियान का लाभ उठाने का आह्वान किया। लसाडिया ब्लॉक में आयोजित शिविर के दौरान विधायक नगराज मीणा ने कई पात्रजनों को मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड प्रदान किए और ग्रामीणजनों के लिए इस अभियान को लाभकारी बताया। जिला परिषद सदस्य कामिनी गुर्जर ने मंगलवार को जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में राज्य सरकार द्वारा आयोजित महंगाई राहत कैंप का जायजा लिया। गुर्जर ने कोटड़ा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत उखलियात व उपलावास में महंगाई राहत कैंप की गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने यहां पर कई लाभार्थियों को एक साथ 5 से 9 योजनाओं में पंजीयन कराने पर मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड भी वितरित किए।
75 वर्षीय नफीसा को मिला 3 योजनाओं का लाभः शिविर में शहर के बोहरवाड़ी क्षेत्र से आई 75 वर्षीय लाभार्थी नफीसा हकीम अली ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार जताया। ऑनलाइन पंजीकरण के बाद आवश्यक प्र या पूर्ण होने पर नफीसा को मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड जिसमें उन्हें मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना, 1000 रुपए की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ मिला। इन योजनाओं का लाभ मिलने पर नफीसा खुशी जाहिर करते हुए शिविर के लिए सभी का आभार जताया।
गांवों में मेले सा माहौल
30 जून तक चलेंगे 4 महंगाई राहत कैंप
उदयपुर । उदयपुर जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले 4 महंगाई राहत कैंप स्थाई रूप से 30 जून तक लगातार चलेंगे। नगर निगम आयुक्त वासुदेव मालावत ने बताया कि शहरवासियों राहत कैंपों के प्रति रूचि को देखते हुए 4 स्थायी राहत कैंप एमबी हॉस्पीटल परिसर, यूआईटी, सेक्टर चार और सविना कृषि मंडी परिसर में आगामी 30 जून तक लगातार आयोजित होते रहेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि गांधी ग्राउंड में आयोजित होने वाला कैंप भी शहरवासियों की सुविधा के लिए लगातार जारी रहेगा। मालावत ने स्पष्ट किया कि इन योजनाओं का लाभ संबंधित लाभार्थी को उसी दिन से प्राप्त होगा जिस दिन से राज्य सरकार द्वारा योजना को लागू किया गया है। यदि कोई लाभार्थी इस दिन के बाद भी पंजीकरण कराता है तो उसे लाभ राज्य सरकार द्वारा योजना लागू किए जाने की तिथि से ही प्राप्त होगा।

Editorial
Next Story
Related News
X
