Sexual assault in a crowded local train
मुंबई । मुंबई लोकल ट्रेन (Mumbai Local Train) में अपने पिता के साथ सफर कर रही एक सत्रह साल की लड़की ने एक सहयात्री द्वारा यौन दुर्व्यवहार किये जाने की शिकायत पुलिस (Police) में दर्ज कराई है। शिकायत पर कार्रवाई करते हुये बांद्रा (Bandra) जीआरपी ने गोरेगांव में रहनेवाले एक कारपेंटर भुताराम जांगिड को गिरफ्तार (Arrested) किया है। भुताराम पेशे से बढ़ई है और उसे पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है।
शिकायत के मुताबिक, यह घटना 11 अप्रैल की है जब लड़की अपने पिता के साथ मरीन लाइंस स्टेशन से विरार जानेवाली लोकल ट्रेन में चढ़ी थी। पिता-पुत्री को अंधेरी स्टेशन पर उतरना था, लिहाजा वे दोनों सीट पर बैठ गए थे। लोकल जब शाम 6.25 बजे बांद्रा स्टेशन पर पहुंची तो काफी भीड़ अंदर दाखिल हुई। इसी भीड़ में आरोपी भुताराम भी था। चूंकि पिता-पुत्री को अंधेरी उतरना था, लिहाजा दोनों अपनी सीट छोड़कर खड़े हो गये और भीड़ में से आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे। भुताराम जांगिड लड़की के पिता के बगल में खड़ा था। कुछ देर बाद लड़की ने अपने पिता से कहा कि आरोपी उसे गलत तरीके से छू रहा है। इस पर पिता ने भुताराम से आपत्ति जताई और अन्य सहयात्रियों ने भी लड़की और उसके पिता का साथ देते हुये आरोपी भुताराम को पकड़ लिया और अंधेरी स्टेशन (Andheri Station) आने पर उसे जीआरपी के हवाले कर दिया। आरोपी का कहना था कि भीड़ की वजह से गलती से उसका हाथ लड़की से छू गया था। पुलिस ने मामला रजिस्टर्ड कर केस बांद्रा जीआरपी को सौंप दिया। आरोपी को 21 अप्रैल को रेलवे कोर्ट में पेश किया गया जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Editorial

Editorial

Next Story