Crime
मुंबई : अपने परिजनों को विदाई देने के लिये फर्जी टिकट (Fake tickets) के सहारे मुंबई एयरपोर्ट में दाखिल होनेवाले 44 साल के शख्स को पुलिस (Police) ने गिरफ्तार (Arrested) किया है जबकि उसकी 37 साल की पत्नी को नोटिस दिया गया है। मूल रूप से राजस्थान के रहनेवाले इस दंपत्ति पर कुवैत की हवाई यात्रा के फर्जी टिकट के जरिये मुंबई एयरपोर्ट (Mumbai Airport) में दाखिल होने का आरोप है। पुलिस अब उस एजेंट की तलाश में जुट गई है जिसने यह जाली टिकट जारी किया है। मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी का नाम ताहेरी अबेदीन बाजारवाला और उसकी पत्नी का नाम खदीजा ताहेरी बाजारवाला है। आरोपी की मां, उसका बेटा और बेटी कुवैत जा रहे थे और उन्हें एयरपोर्ट पर विदाई देने के लिये आरोपी और उसकी पत्नी भी कुवैत के जाली टिकट के जरिये एयरपोर्ट में दाखिल हो गये थे। जाली टिकट उन्होने एक ट्रैवल एजेंट से बनवाया था। सीआईएसएफ
(CISF)
अधिकारियों ने जब एक दंपत्ति को एक बच्चे के साथ गेट नंबर 5 के पास घूमते देखा तो उन्हें शक हुआ। पूछताछ में आरोपी दंपत्ति ने बताया कि वे कुवैत जानेवाले थे लेकिन अब नहीं जाना चाहते और एयरपोर्ट से बाहर निकलना चाहते हैं। उन्होंने अधिकारियों को कुवैत एयरलाइंस का एक टिकट दिखाया लेकिन अपनी यात्रा रद्द करने का कोई ठीकठाक कारण वे अधिकारियों को नहीं दे पाये। जिससे अधिकारियों का शक गहरा गया और उन्होंने कुवैत एयरलाइंस के डेस्क पर इस टिकट की पड़ताल की तो पता चला कि यह टिकट उन्होंने जारी ही नहीं किया था। आरोपी शख्स और टिकट मुहैया करानेवाले ब्रोकर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

Next Story