Bharat Gaurav Tourist Train
जयपुर : भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन (Bharat Gaurav Tourist Train) 'बाबा साहब अम्बेडकर यात्रा' को आज हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार तथा संस्कृति, पर्यटन और पूर्वोत्तर विकास मंत्री जी. किशन रेड्डी (G. kishan reddy) ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया । इस अवसर पर उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक शोभन चौधुरी, आईआरसीटीसी की मुख्य प्रबंध निदेशक, श्रीमती रजनी हसीजा, दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक डिम्पी गर्ग और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर बोलते हुए डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने बाबा साहब अम्बेडकर के द्वारा दलितों तथा पिछड़े वर्ग के लोगो के अधिकारो तथा उनके सामाजिक उत्थान मे बाबा साहब के योगदान पर प्रकाश डाला तथा उन्होने इस रेलगाड़ी को चलाने के लिए रेलवे की सराहना की। जबकि रेड्डी ने कहा कि इस रेलगाड़ी से पर्यटक 8 दिनों की अपनी यात्रा में बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन और बुद्ध की विरासत से जुड़े स्थलों का भ्रमण करेंगे । यह रेलगाड़ी भारत की 'देखो अपना देश" अवधारणा को पूरा करती है। 7 रातों और 8 दिनों की यात्रा वाली यह भारत गौरव टूरिस्ट रेलगाड़ी दिल्ली
(Delhi)
से प्रस्थान करने के बाद अपने पहले पड़ाव पर बाबा साहब की जन्मस्थली ( भीम जन्मभूमि ) मध्यप्रदेश के डॉ. अम्बेडकर नगर (महू) पहुँचेगी ।
इसके पश्चात यह रेलगाड़ी नागपुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना होगी जहां पर्यटक नवयान बौद्ध धर्म के एक प्रतिष्ठित स्मारक दीक्षा भूमि का भ्रमण करेंगे । वहां से रेलगाड़ी सांची के लिए प्रस्थान करेगी । सांची में प्रसिद्ध सांची स्तूप और अन्य बौद्ध स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा । सांची के पश्चात यह रेलगाड़ी अपने अगले गंतव्य वाराणसी जाएगी, जहां पर्यटक सारनाथ और काशी विश्वनाथ मंदिर को देख सकेंगे। इस रेलगाड़ी का अगला और अंतिम गंतव्य गया रेलवे स्टेशन होगा, जहां पर्यटकों को बोधगया के पवित्र स्थल ले जाया जाएगा और वे महाबोधि मंदिर व अन्य मठों को देख सकेंगे । सड़क मार्ग द्वारा अन्य महत्वपूर्ण बौद्ध स्थलों राजगीर और नालंदा का भी भ्रमण कराया जाएगा ।
यह टूर अंत में नई दिल्ली आकर समाप्त होगा । पर्यटकों को दिल्ली, मथुरा और आगरा छावनी रेलवे स्टेशनों से रेलगाड़ी में बैठने / उतरने की सुविधा उपलब्ध होगी ।
Editorial

Editorial

Next Story