✕
गोल्ड स्मगलिंग सिंडिकेट का अहम मेंबर गिरफ्तार
By EditorialPublished on
अंतरराष्ट्रीय गोल्ड स्मगलिंग ( Gold Smuggling) सिंडिकेट को मदद करने के आरोप में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) मुंबई के अधिकारियों ने गुडगांव में रहनेवाले एक शख्स को गिरफ्तार किया है

x
मुंबई। अंतरराष्ट्रीय गोल्ड स्मगलिंग (Gold Smuggling) सिंडिकेट को मदद करने के आरोप में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) मुंबई के अधिकारियों ने गुडगांव में रहनेवाले एक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि स्मगलिंग सिंडिकेट ने १५० करोड़ रुपये से अधिक कीमत के गोल्ड की तस्करी की है और इसमें आरोपी ने लॉजिस्टिक सपोर्ट देने का काम किया है। डीआरआई के मुताबिक, इस सिंडिकेट में कई चीनी और दुबई के नागरिक भी शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी का नाम नवनीत सिंह है। सिंह उस गोल्ड स्मगलिंग सिंडिकेट का हिस्सा है जिसके दो सदस्यों को पिछले साल मई में ७ करोड़ रुपये की गोल्ड स्मगलिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। जांच में डीआरआई को पता चला कि सिंह इस सिंडिकेट का एक अहम सदस्य है और उसी ने तस्करी से लाये गोल्ड के ट्रांसपोर्टेशन, स्टोरेज और प्रोसेसिंग के काम को अंजाम देने और सिंडिकेट के दूसरे सदस्यों के रहने का पूरा इंतजाम किया था। सिंह दिसंबर २०२१ में मुंबई आया था और उसने एक आरोपी के लिये कांदिवली में एक फ्लैट की व्यवस्था की थी। एक अन्य आरोपी के नाम से उसने एक एसयूवी भी खरीदी थी। इसी गाड़ी से मुंबई एयर कार्गो कॉम्प्लेक्स से कांदिवली फ्लैट तक इस गोल्ड को पहुंचाया जाना था। दूसरे आरोपी का काम गोल्ड की कांदिवली के इस फ्लैट में प्रोसेसिंग करने का था। सिंह ने इसी तरह से फ्लैट, गोदाम और गाड़ियों का इंतजाम गुडगांव और हरियाणा के मानेसर में भी किया था। अधिकारियों के मुताबिक, सिंह इस तरह करीब २० मौकों पर गोल्ड स्मगलिंग में अपनी महत्वपूर्ण मदद दे चुका है। सिंह को दुबई के एक शख्स से इस सारे काम के लिये पैसे मिलते रहे हैं और सिंह चीनी नागरिकों के भी लगातार संपर्क में रहा है। उसने चीनी नागरिकों को भी इसी तरह से लॉजिस्टिकल सपोर्ट दिया है।

Editorial
Next Story
Related News
X
