✕
रंधावा की मोदी पर टिप्पणी पर विधानसभा में हंगामा
By EditorialPublished on
कांग्रेस (Congress) के राजस्थान (Rajasthan) प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा (Sukhjinder Singh Randhawa) के मोदी (PM Narendra Modi) को खत्म करने वाले बयान पर सियासी घमासान शुरू

x

जयपुर (कार्यालय संवाददाता)। कांग्रेस (Congress) के राजस्थान (Rajasthan) प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा (Sukhjinder Singh Randhawa) के मोदी (PM Narendra Modi) को खत्म करने वाले बयान पर सियासी घमासान शुरू हो चुका है। मंगलवार को विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। कृषि और पशुपालन की अनुदान मांगों पर बहस के दौरान रंधावा के बयान पर भाजपा विधायकों वॉकआउट किया। अनुदान मांगों पर बहस के दौरान सतीश पूनिया का भाषण खत्म होते ही भाजपा ने अचानक रंधावा के बयान का मुद्दा उठाकर हंगामा शुरू कर दिया।
भाजपा विधायक मदन दिलावर ने सदन में कहा- राजस्थान में आतंकवादी (Terrorist) घुस गए हैं। जनता आतंकित है। उस आतंकवादी ने कहा है कि मोदी को खत्म कर दो। आतंकवादियों को सरकार ने अब तक नहीं पकड़ा है। सरकार चुपचाप बैठी हुई है। मोदी जी की हत्या करने का षड्यंत्र रचा जा रहा दिलावर बोलते ही भाजपा के कई और विधायक भी खड़े होकर जोर-जोर से बोलने लगे। सदन में हंगामे के हालात बन गए। कांग्रेस विधायकों और माकपा विधायक बलवान पूनिया ने कहा- सोमवार को आदिवासियों की बात हो रही थी तो इन्होंने हंगामा किया। आज ये किसानों पर चर्चा नहीं होने देना चाहते।
विधानसभा में लगे रंधावा के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे
भाजपा (BJP) विधायकों ने वेल में आकर नारेबाजी शुरू कर दी। भाजपा विधायकों ने 'सुखजिंदर सिंह रंधावा मुर्दाबाद' के नारे लगाए। कुछ देर हंगामे के बाद उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर रंधावा ने जिस तरह देश के प्रधानमंत्री के बारे में बयान दिया है, वह निंदनीय है। इसके बाद राठौड़ ने सदन से वॉकआउट की घोषणा की। इससे पहले भाजपा विधायकों के हंगामे पर सभापति जेपी चंदेलिया ने सभी को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन नहीं माने। सभापति ने कहा कि किसानों के पर चर्चा हो रही है, इसे होने दीजिए ।
मंत्री कल्ला बोले - रंधावा ने मोदी को हराने की बात कही थी, मारने की नहीं
शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला ने कहा- उन्होंने (रंधावा ) ऐसा कुछ नहीं कहा था। उन्होंने कहा था कि मोदीजी को हराओ, देश बचाओ। उन्होंने मोदीजी को खत्म करने की बात नहीं कही थी। मैं वहीं पर ही मौजूद था। विधानसभा के नियमों में यह प्रावधान है कि अखबार में छपी बात के आधार पर सदन में कोई बात नहीं रख सकते। मैं वहां मौजूद था। इनका हंगामा गलत है।
रंधावा ने कल कहा था - मोदी खत्म हो गया तो देश बच जाएगा
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने सोमवार को अडाणी मुद्दे पर कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान मोदी और भाजपा को खत्म करने पर बयान दिया था। रंधावा ने कहा था- सभी नेताओं से कहता हूं कि अपनी लड़ाई खत्म करें और मोदी को खत्म करने की बात करिए। अगर मोदी खत्म हो गया तो देश बच जाएगा। अगर मोदी रहा तो देश बर्बाद हो जाएगा। मोदी देशभक्ति की बात करते हैं। मोदी को तो पता ही नहीं कि देशभक्ति होती क्या है? आजादी की लड़ाई में जेलों में जाने वाले सब कांग्रेसी परिवार हैं।

Editorial
Next Story
Related News
X
