Fake Sales Tax Officer Arrested
मुंबई। फर्जी सेल्स टैक्स अधिकारी (Fake Sales Tax Officer) बनकर एक महिला और पुरूष ने एक 28 साल के आंगडिया कर्मचारी 32 लाख रुपये लूट लिये। लूट की यह वारदात शनिवार को हुई है। आरोपियों ने पहले आंगड़िया कर्मचारी से पहले उस बैग के बारे में पूछताछ की जो वह ले जा रहा था। इसके बाद उन्होंने कर्मचारी को अपनी बाइक पर बैठने के लिये कहा और फिर उसे कालबादेवी इलाके से जेजे फ्लायओवर होते हुये डॉकयार्ड रेलवे स्टेशन के पास लेकर गये। वहां ले जाकर आरोपियों ने उससे मोबाइल और उसका बैग छीन लिया। हालांकि पुलिस (Police) ने एफआईआर (FIR) दर्ज होने के महज सात घंटों के भीतर ही दोनों आरोपियों को धर दबोचा है। आरोपी दक्षिण मुंबई में एक प्रसिद्ध बाजार में सिक्युरिटी गार्ड्स के तौर पर काम करते हैं।
कालबादेवी इलाके में आदर्श होटल के पास लूट की यह वारदात शनिवार शाम करीब 5 बजे की है। शिकायतकर्ता जठाराम प्रजापति एक अन्य आंगड़िया दफ्तर के यहां से 32 लाख रुपये लेकर लौट रहा था। आरोपी एक मोटरसाइकल पर आये और उन्होंने प्रजापति को रोका। आरोपियों ने अपना परिचय सेल्स टैक्स अधिकारी के तौर पर दिया और प्रजापति से बैग के बारे में पूछताछ करनी शुरु कर दी। आरोपियों ने प्रजापति से उसका मोबाइल ले लिया और उसे अपनी बाइक पर बिठा कर कालबादेवी इलाके से जेजे फ्लायओवर ले गये। ब्रिज पर महिला बाइक से उतर गयी और बैग लेकर चली गई जबकि अन्य आरोपी प्रजापति को लेकर डॉकयार्ड रेलवे स्टेशन पहुंचा और वहां रेलवे स्टेशन के पास उसे छोड़ दिया। प्रजापति ने अपने दफ्तर में इस लूट की जानकारी दी और इसके बाद एलटी मार्ग पुलिस स्टेशन में दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage) की जांच की और बाइक की नंबर प्लेट के जरिये बाइक के मालिक तक पहुंचे। बाइक के मालिक ने बताया कि उनका दोस्त उससे बाइक लेकर गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को ट्रैक कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम संजय सिंह करचोली (33) और रजिया शेख (36) हैं। दोनों को अदालत में पेश किया गया जहां उन्हें 1 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
Next Story