Maharashtra police launched operation to catch cyber fraudsters
मुंबई। दौड़ती भागती दुनिया में तेजी से बढ़ते ऑनलाइन कामकाज, आम नागरिकों समेत पुलिस (Police) तक में जागरूकता और तकनीक की जानकारी के अभाव के चलते साइबर अपराधों (Cyber Crimes) में वृद्धि हो रही है। हालांकि, पुलिस साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए मुस्तैद है। इसी बीच मुंबई (Mumbai) के नागपाड़ा पुलिस ने झारखंड (Jharkhand) के जामताड़ा जिले से तीन साइबर बदमाशों को गिरफ्तार किया।
नागपाड़ा पुलिस की एक टीम आरोपियों को पकड़ने के इरादे से जैसे जामताड़ा पहुंची, तो आरोपियों को उनकी सूचना मिली और वो जंगल की ओर भागने लगे। ऐसे में पुलिस ने 3-4 किमी तक जंगल में आरोपियों का पीछा किया और तीनों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी जामताड़ा में ग्रामीणों की जीवन शैली से प्रेरित थे, जहां लगभग सभी के पास घर, कार और बुनियादी जरूरतों का सामान है। आरोपी मजदूर थे और उन्हें साइबर धोखाधड़ी के बारे में ट्रेनिंग दी गई थी कि कैसे लोगों को ठगा जा सकता है। आरोपियों की पहचान जामताड़ा जिले के सत्तार अंसारी (28), रियाज अंसारी (21) और नजीर अंसारी (28) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रमुख कूरियर कंपनी की फर्जी वेबसाइट बनाकर तेज और सस्ती कूरियर सेवाएं प्रदान करने का दावा करते हुए देशभर के लोगों को चूना लगा रहे थे।
Editorial

Editorial

Next Story