Sanjay Raut
मुंबई। शिवसेना उद्धव गुट के नेता संजय राउत (Sanjay Raut) की मुश्किलें फिर से बढ़ने वाली हैं। संजय राउत के सुपारी वाले बयान से यू टर्न लेने के बाद शिवसेना (Shiv Sena) शिंदे गुट ने उन पर बिना वजह बदनाम करने का आरोप लगाते हुए ठाणे पुलिस में मामला दर्ज कराया है। इसके बाद संजय राउत से पूछताछ करने के लिए ठाणे पुलिस ने उन्हें समन्स भेजने की तैयारी कर ली है। दरअसल संजय राउत ने दो दिनों पहले गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) व ठाणे पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (CM Eknath Shinde) के बेटे श्रीकांत शिंदे (Shrikant Shinde) पर उन्हें जान से मारने की सुपारी देने का आरोप लगाया था। लेकिन जब ठाणे पुलिस ने राउत का बयान दर्ज किया था, तो उन्होंने बयान से यू-टर्न मारते हुए बताया था कि उन पर स्याही फेंकने की साज़िश श्रीकांत शिंदे ने रची थी। ठाणे पुलिस ने बताया कि संजय राउत ने पहले जान से मारने और सुपारी देने का आरोप लगाया था, लेकिन बयान दर्ज कराते समय उन्होंने स्याही फेंकने की बात कही है। वहीं बयान के संबंध में पुलिस को जानकारी देने वाले संजय राउत के खास सहयोगी विद्याधर चिंदरकर
(Vidyadhar Chinderkar)
का बयान दर्ज किया तो कुछ और ही बात सामने आई। सहयोगी विद्याधर ने उस बयान में स्याही वाली जानकारी राउत को देने की बात तो स्वीकार की, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि इसमें किसी भी व्यक्ति का नाम नहीं लिया था। इस जानकारी के सामने आते ही शिंदे गुट ने संजय राउत पर श्रीकांत शिंदे को बदनाम करने, समाज में द्वेष फैलाने व शांति भंग करने का आरोप लगाते हुए कापुरवाड़ी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करा दिया है। शिवसेना शिंदे गुट की नेता मीनाक्षी शिंदे (Meenakshi Shinde) ने कहा कि पुलिस अब जांच कर इस मामले में सच को सामने लाएगी।

Editorial

Editorial

Next Story