मतदाता सूची में बढ़ेगी ट्रांसजेंडर वर्ग की हिस्सेदारी
जोधपुर : ट्रांसजेंडर (Transgender) वर्ग के ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक कर वोटर लिस्ट से जोड़ा जाएगा। शहर में अलग- अलग स्थानों पर शिविर लगेंगे और सभी सरकारी विभाग ट्रांसजेंडर के उत्थान के लिए एक मंच पर आएंगे। जिला प्रशासन ने ट्रांसजेंडर्स वर्ग के उत्थान के लिए पहली बार संयुक्त बैठक की है। ट्रांसजेंडर वर्ग के उत्थान संबंधी समिति की प्रथम बैठक बुधवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम मदनलाल नेहरा की अध्यक्षता में हुई बैठक में ट्रांसजेन्डर के लिए मतदाता (Voters) पहचान पत्र बनवाने एवं इसके लिए जागरूकता उत्पन्न करने के संबंध में चर्चा की गई। जिले में निवासरत ट्रांसजेंडर्स के चिन्हीकरण एवं उनके प्रमाण पत्र बनवाने के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कैम्प लगाए जाने के संबंध में चर्चा की गई। मदन लाल नेहरा ने मतदाता पहचान पत्र बनवाने के बाद जनाधार और अन्य दस्तावेज बनाकर सरकारी योजनाओं
(Government schemes)
से ट्रांसजेंडर्स को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। बैठक में लैंगिक संवेदनशीलता को लेकर कार्यशाला आयोजन, पुलिस की स्थापित ट्रांसजेंडर सेल की बैठक आयोजित करने और ट्रांसजेंडर समुदाय के उत्थान संबंधी समिति की बैठक के लिए कार्यालय आवंटन की चर्चा की गई। ट्रांसजेंडर्स वर्ग के प्रतिनिधि कांता भुआ और चेतना भुआ ने समस्याओं से अवगत करवाया और उनके निराकरण के लिए सुझाव भी दिए।
इस बैठक में उपनिदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग अनिल व्यास, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जितेंद्र पुरोहित, जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी करणी सिंह नाथावत, संभली ट्रस्ट के प्रतिनिधि गोविंद सिंह उपस्थित रहे।
Editorial

Editorial

Next Story