The Rose Society of Rajasthan
जयपुर (कासं ) । द रोज सोसाइटी ऑफ राजस्थान (The Rose Society of Rajasthan) की ओर से 26 फरवरी को जयपुर (Jaipur) के मशहूर सिटी पार्क में 'रोज शो-2023' का आयोजन किया जाएगा। मुख्य सचिव श्रीमती उषा शर्मा कार्यक्रम की मुख्य अतिथि होंगी। आवासन आयुक्त पवन अरोड़ा के साथ सोसाइटी के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को बैठक कर कार्यक्रम की कार्ययोजना को साझा किया। अरोड़ा ने बताया कि सोसायटी द्वारा 48वां रोज शो शहर के हॉट डेस्टिनेशन बन चुके सिटी पार्क में आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि शो में गुलाब की 500 से अधिक किस्मों को प्रदर्शित किया जाएगा।
अरोड़ा ने बताया कि रोज शो के लिए सिटी पार्क और मंडल पूरी तरह तैयार है। अधिकारियों को सभी तैयारियों के लिए निर्देशित किया जा चुका है। 26 फरवरी को पार्क में राजस्थानी लोक नृत्य सहित सहित कई आकर्षण होंगे। उन्होंने बताया कि सिटी पार्क में पूर्व में ही 'जयपुर फ्लावर शो' का एरिया विकसित किया गया था, जो कि लोगों में खासा आकर्षण बना हुआ है। उन्होंने बताया कि सोसायटी द्वारा हर वर्ष फरवरी माह में होने वाला 'रोज शो' अब सिटी पार्क में ही आयोजित किया जाएगा, जोकि आने वाले दिनों में पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा। सोसाइटी के संरक्षक एवं सेवानिवृत आईएएस ईश्वर चंद्र श्रीवास्तव व जनरल सेक्रेटरी अनिल कुमार भार्गव ने बताया कि सोसायटी द्वारा हर वर्ष सेंट्रल पार्क व यूथ हॉस्टल में रोज शो का आयोजन किया जाता रहा है, लेकिन इस बार शहर की धड़कन बन चुके सिटी पार्क में यह भव्य शो आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शो में आमजन भी उन्नत किस्म के गुलाब की कलम के साथ हिस्सा ले सकते हैं। अच्छे गुलाबों की किस्मों को सम्मानित भी किया जाएगा। इसके अलावा पेंटिंग कंपटीशन सहित कई अन्य रचनात्मक व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। सदस्यों ने आयोजन के संबंध में सिटी पार्क का निरीक्षण भी किया ।
Editorial

Editorial

Next Story