राज्यपाल मनोनीत होने के बाद कटारिया का उदयपुर आने पर भव्य और आतिशी स्वागत
उदयपुर : भाजपा के वरिष्ठ नेता गुलाब चंद कटारिया को असम का राज्यपाल मनोनीत किए जाने के बाद पहली बार उदयपुर आने पर भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कटारिया ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि संगठन ने एक आम कार्यकर्ता को इतने बड़े पद पर बिठाया है जो किसी अन्य राजनीतिक दलों में नहीं होता है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता गुलाब चंद कटारिया को कुछ दिनों पूर्व ही असम का राज्यपाल मनोनीत किया गया था, इसके बाद गुलाब चंद कटारिया ने शुक्रवार को जयपुर में विधानसभा से इस्तीफा दिया और शनिवार सुबह में उदयपुर पहुंचे। राज्यपाल मनोनीत होने के बाद पहली बार उदयपुर आगमन पर गुलाबचंद कटारिया का भाजपा के कार्यकर्ता और नेताओं ने आतिशी स्वागत किया। सुबह से ही एयरपोर्ट पर भारी संख्या में संभाग भर के भाजपा के नेता, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि पहुंच गए थे। कटारिया के आते ही एयरपोर्ट को कार्यकर्ताओं ने जिंदाबाद के नारों से गुंजायमान कर दिया। सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कटारिया का एक-एक कर फूल माला और ऊपर ना पहना कर स्वागत किया। एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद कटारिया एयरपोर्ट पर ही स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस बात की बहुत खुशी है कि उन्हें राज्यपाल बनाया गया है और उन्हें एक बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। कटारिया ने कहा कि भाजपा में ही एक आम कार्यकर्ता को इतने बड़े पद पर भेजा जा सकता है। कटारिया आगामी 3 दिनों तक उदयपुर में रहेंगे। इन 3 दिनों में शहर और देहात भाजपा द्वारा कटारिया का नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। 21 फरवरी को कटारिया असम के राजकीय प्लेन से गुहावटी जाएंगे और वहां पर 22 फरवरी को राज्यपाल की शपथ लेंगे।
Editorial

Editorial

Next Story