✕
राजस्थान मंत्रिमंडल विस्तार आज
By EditorialPublished on
जयपुर ( कार्यालय संवाददाता ) । राजस्थान में शनिवार को मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। दोपहर 3.15 बजे राज्यपाल कलराज मिश्र नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। नामों पर सहमति बनाने को लेकर बुधवार देर रात तक मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ और प्रदेश सह प्रभारी विजया राहटकर के बीच लंबी बैठक हुई थी।

x

जयपुर ( कार्यालय संवाददाता ) । राजस्थान में शनिवार को मंत्रिमंडल का विस्तार (Rajasthan Cabinet Expansion) होगा। दोपहर 3.15 बजे राज्यपाल कलराज मिश्र नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। नामों पर सहमति बनाने को लेकर बुधवार देर रात तक मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ और प्रदेश सह प्रभारी विजया राहटकर के बीच लंबी बैठक हुई थी। बताया जा रहा है कि इस बैठक में लगभग सभी नाम फाइनल कर लिए गए हैं। आधिकारिक रूप से मंत्रियों के नामों की घोषणा नहीं की गई है। सूत्रों के अनुसार करीब 22 से 24 विधायक मंत्रीपद की शपथ ले सकते हैं।
ये हैं प्रबल दावेदार
पूर्वी राजस्थान के सबसे कद्दावर नेताओं में शामिल डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के मंत्रिमंडल में शामिल होने की प्रबल संभावना है। वहीं, हिंदूवादी चेहरा और तिजारा से विधायक बाबा बालकनाथ भी भजनलाल मंत्रिमंडल का हिस्सा हो सकते हैं। महिला चेहरों में अनिता भदेल, दीप्ति माहेश्वरी और पहली बार विधायक बनीं नौक्षम चौधरी पर नजरें हैं। दलित वर्ग से जितेंद्र गोठवाल और वरिष्ठ विधायक मदन दिलावर को भी मंत्री बनाया जा सकता है। राजपूत समाज से पुष्पेंद्र सिंह राणावत, सिद्धि कुमारी जैसे वरिष्ठ विधायकों के समर्थकों को उम्मीद है कि उनके नेता इस बार मंत्री जरूर बनेंगे। ब्राह्मण समाज को भी उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के बाद समाज के एक-दो विधायक भी मंत्री बन सकते हैं । इसलिए संजय शर्मा, संदीप शर्मा, जेठानंद व्यास जैसे विधायक भी रेस में बने हुए हैं। नए मंत्रिमंडल में सबसे ज्यादा नजरें जाट समाज को मिलने वाले प्रतिनिधित्व पर टिकी होंगी क्योंकि मुख्यमंत्री, दो उप मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष जैसे एक भी पद पर जाट चेहरे को मौका नहीं दिया गया है। ऐसे में अब लोगों की नजरें इस पर टिकी हैं कि 12 जाट विधायकों में से कितने लोगों को मंत्री बनाया जाएगा।
युवा - अनुभवी, जातिगत संतुलन भरा होगा मंत्रिमंडल
भाजपा से जुड़े उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल का गठन इस तरह से होगा कि उसमें युवा भी होंगे और अनुभवी भी । जातिगत संतुलन भी पूरा होगा। सामान्य, ओबीसी, एससी- एसटी वर्ग का समावेश भी दिखेगा |
15 दिसंबर को भजनलाल शर्मा ने ली थी सीएम पद की शपथ
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 15 दिसंबर को पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। उनके साथ ही दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा ने डिप्टी सीएम के रूप में शपथ ग्रहण की थी। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत भाजपा शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए थे।
मंत्रियों के लिए गाड़िया तैयार
इधर स्टेट मोटर गैराज विभाग के अधिकारियों को मंत्रियों के लिए गाड़ियां तैयार रखने को कहा गया है, जिसके बाद गैराज में गाड़ियां तैयार कर ली गई हैं। स्टेट मोटर गैराज के अधिकारियों के अनुसार करीब 25 से 30 गाड़ियां तैयार की गई हैं।
Next Story
Related News
X

