Pratahkal-Jewellery Shop employee and his associates robbed the manager, six accused arrested
मुंबई । जूलरी शॉप (Jewellery Shop) के मैनेजर से 27 लाख रुपये कीमत के गोल्ड डस्ट की लूट के छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। इस पूरे लूट कांड का मास्टरमाइंड उसी जूलरी शॉप का एक कर्मचारी है। मास्टरमाइंड सत्येंद्र पांडेय (25) टिटवाला का रहनेवाला है। पांडेय ने बीएम जूलर्स के मैनेजर बलराम सिंह (26) का यहां मुंबई से पश्चिम बंगाल तक और वापसी के दौरान पीछा किया और मुंबई में दादर इलाके में उसने और उसके साथियों ने गोल्ड से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गये।
बलराम सिंह ने 19 दिसंबर को माटुंगा पुलिस स्टेशन में इस लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, सिंह पश्चिम बंगाल से लौटकर दादर स्टेशन पर उतरा था। यहां से उसने लोअर परेल में अपने दफ्तर पहुंचने के लिये टैक्सी ली। जैसे ही उसकी टैक्सी रामी गेस्टलाइन होटल के पास पहुंची, दो लोगों ने उसकी टैक्सी को रोक लिया और टैक्सी से उन्हें धक्का लगने की बात कहते हुये सिंह से झगड़ने लगे। इसी दौरान भीड़ जमा होने लगी और आरोपियों ने सिंह पर हमला कर दिया। इस झगड़े के बीच उन्होंने चालाकी से टैक्सी में पड़ा बैग चुरा लिया और वहां से चंपत हो गये।
जांच के दौरान पुलिस के पास कोई सुराग नहीं था, इसलिये पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साफ था कि लूट कांड को अंजाम देनेवाले गैंग में कई मेम्बर्स थे। शिकायतकर्ता सिंह का पश्चिम बंगाल तक और वापसी की यात्रा के दौरान इस गैंग द्वारा लगातार पीछा किया गया था। ट्रेन से दादर स्टेशन पर उतरने के बाद सिंह से गोल्ड लूटने के बाद सभी आरोपी अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले। सीसीटीवी में एक महिला लूट का बैग लेकर एक टैक्सी में बैठकर जाती हुई नजर आई थी। यह महिला टिटवाला गई थी। पुलिस ने बमुश्किल टिटवाला में उस महिला का पता लगाया और उसकी शिनाख्त नहीं होने के बावजूद उसके कॉल डाटा रिकॉर्ड से उसकी लोकेशन का पता लगाया गया। सही मौका देखकर पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। महिला की शिनाख्त पारूल श्रीवास्तव (28) के तौर पर की गई है। पारूल की निशानदेही पर पुलिस ने अन्य आरोपियों को धर दबोचा।

Editorial

Editorial

Next Story