✕
1 जनवरी से प्रदेश में 450 रू. में मिलेगा गैस सिलेंडर
By EditorialPublished on
जयपुर (कार्यालय संवाददाता)। राजस्थान में उज्वला और बीपीएल गैस कनेक्शनधारियों के लिए अच्छी खबर है। भजनलाल सरकार 1 जनवरी से इन कनेक्शनधारियों को एलपीजी सिलेंडर 450 रुपए में देगी। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने बुधवार को टोंक में इसकी घोषणा की। मुख्यमंत्री बुधवार को टोंक में विकसित भारत संकल्प यात्रा के शिविर में शामिल हुए।

x
जयपुर (कार्यालय संवाददाता)। राजस्थान में उज्वला और बीपीएल गैस कनेक्शनधारियों के लिए अच्छी खबर है। भजनलाल सरकार 1 जनवरी से इन कनेक्शनधारियों को एलपीजी सिलेंडर 450 रुपए में देगी। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने बुधवार को टोंक में इसकी घोषणा की। मुख्यमंत्री बुधवार को टोंक में विकसित भारत संकल्प यात्रा के शिविर में शामिल हुए। इससे पहले फूड एंड सप्लाई डिपार्टमेंट ने प्रस्ताव बनाकर मुख्यमंत्री को भिजवाया। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने इसे अपने घोषणा पत्र में शामिल किया था, जिसे बाद में सरकार ने अपने 100 दिवस के संकल्प पत्र में भी शामिल किया है। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सरकार ने इन कनेक्शनधारियों को 500 रुपए में सिलेंडर देने की शुरुआत की थी, जो 1 अप्रैल से लागू हुई थी, लेकिन अब भजनलाल सरकार इस सिलेंडर को 50 रुपए और सस्ता करने जा रही है। इसकी शुरुआत एक जनवरी से की जा सकती है।
52 करोड़ रुपए का आएगा अतिरिक्त भार
सरकार के इस निर्णय के बाद राज्य के वित्तीय कोष पर हर महीने 52 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भार आएगा। वर्तमान में तेल-गैस कंपनियां 14.2 किलोग्राम का रसोई गैस सिलेंडर 906 रुपए में उपलब्ध करवा रही है। केंद्र सरकार की ओर से उज्ज्वला कनेक्शनधारियों को 300 रुपए की सब्सिडी दी जाती है।
हर महीने 30 लाख रिफिलिंग
राज्य में वर्तमान में 70 लाख उज्ज्वला और बीपीएल कनेक्शनधारी हैं। इसमें करीब 66 लाख उज्जवला के हैं, जबकि 4 लाख बीपीएल कनेक्शनधारी ।
केंद्र सरकार की ओर से उज्ज्वला कनेक्शनधारियों को 300 रुपए सब्सिडी देने के बाद राज्य सरकार को 156 रुपए सब्सिडी अलग से देनी पड़ेगी। राज्य में वर्तमान में इन कनेक्शनधारियों की तरफ से 30 लाख सिलेंडर हर महीने रिफिल करवाए जा रहे हैं।
स्कीम का नाम बदलेगी सरकार
भजनलाल सरकार इस योजना को लागू करने के साथ ही इंदिरा गांधी गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना का नाम भी बदलेगी। गहलोत सरकार ने इस योजना को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नाम से शुरू किया था।

Editorial
Next Story
Related News
X
