Pratahkal-33 to 50 during Ashok Gehlot rule, now Bhajanlal Government will review

जयपुर (कार्यालय संवाददाता) । राजस्थान (Rajasthan) की पूर्ववर्ती अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) सरकार में प्रदेश में 17 नए जिले बनाए गए थे। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले तीन और जिलों के गठन का ऐलान किया गया। 17 मार्च को घोषित किए गए जिलों का नोटिफिकेशन 4 अगस्त 2023 को जारी कर दिया गया लेकिन विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पहले घोषित सुजानगढ़, मालपुरा और कुचामन सिटी जिले का अलग नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ। अब प्रदेश में सत्ता बदलने के बाद भजनलाल सरकार (Bhajanlal Government) नए जिलों के गठन की समीक्षा करेगी। ऐसे में तीन जिलों का नोटिफिकेशन अटके जाने की संभावना जताई जा रही है।
  • सरकारी कामकाज के लिए समीक्षा जरूरी
गहलोत सरकार के दौरान भले ही जिलों की 33 संख्या बढ़कर 50 हो गई हो लेकिन विधानसभा चुनाव पुराने जिला प्रशासन के हिसाब से हुआ। चूंकि नए जिलों में जिला कलेक्टर और एसपी सहित अन्य अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। ऐसे में भजनलाल सरकार को सभी विभागों के जिला कार्यालय खोलने के लिए नए जिलों का रिव्यू किया जाना तय है। लोकसभा चुनाव से पहले सभी विभाग के कार्यालय अस्तित्व में लाए जाने का प्रयास किया जाएगा। गजट नोटिफिकेशन जारी नहीं होने से फिलहाल मालपुरा, कुचामन सिटी और सुजानगढ़ के बारे में अंतिम फैसला सीएम भजनलाल शर्मा को लेना है।
  • 17 जिलों की 52 में से 30 सीटें जीत पाई भाजपा
नवगठित 17 जिलों की 52 विधानसभा सीटों में भाजपा
(BJP)
का प्रदर्शन ठीक ठाक रहा। हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा ने 52 में से 30 सीटों पर जीत दर्ज की। 22 सीटों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। नए जिलों की 52 सीटों में से कांग्रेस ने 20 सीटों पर चुनाव जीता जबकि 2 सीटें अन्य के खातों में गई।
  • नए जिलों में कितनी कितनी सीटें जीती भाजपा कांग्रेस ने
भाजपा ने कोटपूतली बहरोड़ में 4, जोधपुर ग्रामीण में 4, जयपुर ग्रामीण, डींग और ब्यावर में 3-3, शाहपुरा, फलौदी और नीमकाथाना में 2-2 जबकि दूदू, डीडवाना कुचामन, खैरथल तिजारा, केकड़ी और सलूंबर में 1-1 सीटों पर जीत दर्ज की। उधर कांग्रेस ने जयपुर ग्रामीण की 5, डीडवाना कुचामन और गंगापुर सिटी में 3-3, खैरथल तिजारा, अनूपगढ़ और नीम का थाना में 2-2 जबकि जोधपुर ग्रामीण, बालोतरा और सांचौर में 1-1 सीटों पर जीत दर्ज की।
Editorial

Editorial

Next Story