✕
राजनीतिक विमर्श बनाने के लिए सारा
By EditorialPublished on
अनंत विजय.... हाल ही में जब नई दिल्ली में विपक्षी दलों के गठबंधन आइएनडीआइए की बैठक हुई तो राहुल गांधी और सीताराम येचुरी की पास बैठी तस्वीरें सामने आईं। इसी तरह जब विपक्षी दलों के नेता नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर सांसदों के निलंबन पर विरोध जताने के लिए जुटे

x

अनंत विजय.... हाल ही में जब नई दिल्ली में विपक्षी दलों के गठबंधन आइएनडीआइए की बैठक हुई तो राहुल गांधी और सीताराम येचुरी की पास बैठी तस्वीरें सामने आईं। इसी तरह जब विपक्षी दलों के नेता नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर सांसदों के निलंबन पर विरोध जताने के लिए जुटे तो उसमें राहुल गांधी और सीताराम येचुरी एक दूसरे का हाथ थामे नजर आए। इन दोनों जगहों पर कांग्रेस और कम्युनिस्टों की निकटता ही नहीं दिखी, बल्कि उनके साथ में एक विशेष प्रकार का उत्साह भी दिखा। इस प्रसंग की चर्चा इस कारण से कर रहा हूं, क्योंकि कुछ दिनों पहले दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में अजीत कुमार पुरी की पुस्तक 'स्वतंत्रता संग्राम, समाजवाद और श्रीरामवृक्ष बेनीपुरी' के लोकार्पण समारोह में उपस्थित रहने का अवसर मिला। कार्यक्रम में मुझे भी पुरी जी की पुस्तक और रामवृक्ष बेनीपुरी पर बोलना था। इस कारण से समारोह में जाने के पहले बेनीपुरी की डायरी के पन्ने को पलट रहा था। अचानक नजर एक जगह जाकर रुकी, तारीख थी 11 दिसंबर 1957, जिस दिन बेनीपुरी ने अपनी डायरी में लिखा था, आज बेनीपुर से पटना लौट रहा हूं। इधर 15 नवंबर से ही भाई अशोक मेहता के चुनाव के चक्कर में रहा। वह मुजफ्फरपुर- सदर निर्वाचन क्षेत्र से पार्लियामेंट के उम्मीदवार थे। आज से मतगणना शुरू हुई है, तीन थानों में आधे निर्वाचन क्षेत्र में 2700 वोट से मैं जीत गए हैं। शेष आधे में भी विजयी होंगे, ऐसा विश्वास है। दरअसल बेनीपुरी जी प्रख्यात समाजवादी नेता अशोक मेहता के चुनाव की बात कर रहे थे। वर्ष 1957 में अशोक मेहता ने मुजफ्फरपुर से लोकसभा का चुनाव लड़ा था। उस समय अशोक मेहता का कम्युनिस्टों ने विरोध किया था और कांग्रेस के उम्मीदवार नहीं खड़ा करने की घोषणा के बाद भी अपना उम्मीदवार खड़ा कर पार्टी के चरित्र के दर्शन करवाए थे।
उसी दिन डायरी में बेनीपुरी ने आगे लिखा, अजीब चुनाव रहा यह भाई अशोक की विद्वत्ता का ख्याल करके कांग्रेस ने यह सीट छोड़ दी। साथियों ने सोचा, अब क्या है, आसानी से विजय मिल जाएगी। किंतु बीच में कम्युनिस्ट आ टपके। हमारे किशोरी भाई उनके उम्मीदवार! फिर क्या था, सिद्धांत गया ताखे पर जाति के नाम पर, जिले के नाम पर वह बावला मचाया गया, कि हम चकित रहे और प्रांत भर के कम्युनिस्ट कार्यकर्ता गांव-गांव में डेरे डालकर पड़ गए। कोई भी उपाय नहीं छोड़ा गया। हमें कदम कदम पर लड़ना पड़ा। आज की गणना से थोड़ा इत्मीनान हुआ । कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कम्युनिस्टों के साथ गठबंधन देखकर हैरान रह जाना पड़ा। अशोक हमारी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से हैं। कांग्रेस सोशलिस्ट पार्टी के यशस्वी संपादक। विचारक, अर्थशास्त्री श्रीरामवृक्ष बेनीपुरी की इस टिप्पणी से स्पष्ट है कि उस चुनाव में कम्युनिस्टों ने सिद्धांत को ताखे पर रख दिया था। जातिवाद और प्रांतवाद का खेल जमकर खेला गया था। दरअसल अशोक मेहता बांबे (अब मुंबई ) के थे और बिहार से आकर चुनाव लड़ रहे थे। वह दौर ऐसा था कि कई अन्य प्रांतों के नेता बिहार आकर चुनाव लड़ते थे। मधु लिमये ने मुंगेर से और जार्ज फर्नांडिस ने मुजफ्फरपुर और बांका से चुनाव लड़ा था। जीते भी थे बेनीपुरी की डायरी में दर्ज इस टिप्पणी पर गौर करना चाहिए कि कांग्रेस और कम्युनिस्टों के गठबंधन को देखकर उनको हैरानी हुई थी। हैरानी दरअसल कम्युनिस्टों की उस राजनीति को देखकर हुई थी जिसमें उन्होंने जाति और प्रांत का कार्ड खेला था।
12 दिसंबर 1957 को श्रीरामवृक्ष बेनीपुरी ने अपनी डायरी में बहुत छोटी सी टिप्पणी दर्ज की। लिखा, और वही होकर रहा, अशोक जीत गए। 14 हजार वोटों से। कम्युनिस्ट हारे, जातिवाद की हार हुई, प्रांतवाद की हार हुई। अशोक की जीत, जनतंत्र की जीत, समाजवाद की जीत राष्ट्रीयता की जीत, विद्वत्ता की जीत, देशभक्ति की जीत! इस टिप्पणी से बेनीपुरी की प्रसन्नता दिख रही है। कम्युनिस्टों की हार को उन्होंने जातिवाद और प्रांतवाद की हार से जोड़ा और अशोक की जीत को उन्होंने राष्ट्रीयता और देशभक्ति के साथ समाजवाद और विद्वत्ता से जोड़ा। भारत में जो समाजवाद पनपा वह साम्यवाद से अलग था। उसमें देशभक्ति और राष्ट्रीयता के गुण और भारतीयता कूट कूट कर भरी थी । बहुधा बेनीपुरी के लेखन में दिखती भी है बेनीपुरी जी कम्युनिस्टों की मौकपरस्त राजनीति से खिन्न रहते थे। उन्हें लगता था कि कम्युनिस्ट कहते कुछ हैं और करते कुछ हैं। इस तरह के संकेत उनकी डायरी के पन्ने में यत्र-तत्र बिखरे हैं। समाजवादी लोग राष्ट्र और भारतीय संस्कृति के साथ चलने वाले थे, जबकि साम्यवादियों की राष्ट्र में आस्था न थी, न है बेनीपुरी शाश्वत भारत या सांस्कृतिक भारत की बात करने वाले लेखक और राजनेता थे। वह इस सांस्कृतिक भारत के खान पान, रहन-सहन, गीत-नृत्य, पर्व उत्सव आदि में एकात्मता देखते थे। उनका मानना था कि राजनीतिक उलटफेरों के बावजूद संपूर्ण भारत में आदिकाल से एक अविच्छिन्न सांस्कृतिक धारा प्रवाहित होती रही है। समय समय पर उसका चित्रण किया जाना चाहिए। बेनीपुरी जब भी इस सांस्कृतिक धारा में किसी प्रकार की बाधा देखते या बाधा की आशंका को भांपते तो लिखकर और बोलकर उसका प्रतिकार करते। मुजफ्फरपुर लोकसभा चुनाव के समय कम्युनिस्टों और कांग्रेस के साथ आने पर उन्होंने तब भी कहा था और बाद में भी कहते रहे। हालांकि कांग्रेस ने कम्युनिस्टों का स्वाधीनता के बाद से ही साथ लेना आरंभ कर दिया था। नेहरू का झुकाव साम्यवाद की ओर था और उसके ऐतिहासिक कारण थे। इंदिरा गांधी ने भी कम्युनिस्टों का साथ लिया, समर्थन के एवज में उन्हें कला, संस्कृति और शिक्षा से जुड़ी सरकारी संस्थाएं आउटसोर्स कर दीं। लेकिन इन दोनों ने कभी भी कम्युनिस्टों को हावी नहीं होने दिया। जब आवश्यकता पड़ी कम्युनिस्टों का अपनी और अपनी राजनीति के हक में उपयोग किया, उन्हें उसका ईनाम दिया और फिर आगे चल पड़े। हाल के दिनों में जिस प्रकार से कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की कम्युनिस्टों से निकटता बढ़ी है, जिस प्रकार से कम्युनिस्ट विचारधारा वाले लोग कांग्रेस पार्टी को चलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने लगे हैं, उससे ऐसा प्रतीत होता है कि कांग्रेस की राजनीतिक चालें भी वही लोग तय कर रहे हैं। दरअसल ऐसा तब होता है जब पार्टी में विचारवान नेताओं की कमी हो जाती है। उन्हें अपनी राजनीतिक राय बनाने के लिए किसी के सहारे की जरूरत होती है। कम्युनिस्टों की एक विशेषता है कि वे बातें बड़ी अच्छी करते हैं, गरीबों- मजदूरों की बातें करते हैं जो किसी को भी लुभाने का सामर्थ्य रखती हैं। सैद्धांतिक धरातल पर इन बातों का असर होता भी है, लेकिन जब उन्हें यथार्थ के धरातल पर उतारने की बात आती है तो सिद्धांत धरे रह जाते हैं। वे भी जात-पात और अन्य प्रकार की बातें करने लगते हैं। बेनीपुरी जैसे और उनके बाद की पीढ़ी के लेखकों का न केवल साम्यवाद से मोहभंग होता है, बल्कि साफ तौर पर बगैर हिचके सिद्धांतों को ताखे पर रखने की बात भी कह जाते हैं।
- Congress Communists Political Alliance Rahul Gandhi Sitaram Yechury Election Strategy India Politics Congress Communist collaboration Political developments Rahul Gandhi Sitaram Yechury meeting Election alliance analysis India political strategy Communists influence Congress strategy shift Political dynamics in India Coalition politics insights Indian political landscape trendsCongress Communist Alliance

Editorial
Next Story
Related News
X
