Pratahkal-Girl fell from 14th floor in Mumbai
मुंबई । एक प्रसिद्ध कहावत है कि ‘जाको राखे साईंया मार सके ना कोय’। ये कहावत मुंबई (Mumbai) में सच साबित हुई है। यहां एक मासूम बिल्डिंग की चौदहवीं मंजिल से नीचे गिर गई। लेकिन वह सही सलामत बच गईं। हालांकि सुरक्षा के लिहाज से परिजन बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे जिसे कुछ ही देर में अस्पताल से जांच के बाद छुट्टी दे दी गई। भीड़-भाड़ वाले कुर्ला इलाके में यह रोंगटे खड़े कर देने वाला हदसा हुआ। एक 13 साल की लड़की गगनचुंबी इमारत की चौदहवीं मंजिल से गिर गई। लेकिन सौभाग्य से लड़की को कोई गंभीर चोट नहीं लगी। उसके हाथ में केवल मामूली चोट लगी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बच्ची का नाम सखिरा शेख है। वह कुर्ला के नेहरू नगर में अपने इमारत की चौदहवीं मंजिल से गिर गई। अच्छी बात यह है कि उसे हाथ में मामूली चोट के अलावा कोई बड़ी चोट नहीं आई। लोग इसे चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं।
  • 14वीं मंजिल से गिरकर ऐसे बची!
सखिरा अपने परिवार के साथ नेहरू नगर में सत्रह मंजिला इमारत मिडास भूमी हार्मोनी में चौदहवीं मंजिल पर रहती हैं। जिस दिन यह घटना घटी उस दिन सखीरा का जन्मदिन था। जन्मदिन के मौके पर घर में पार्टी रखी गयी थी। बाद में बच्ची अपने जन्मदिन का तोहफा लेकर घर के एक कोने में बनी खिड़की के पास गई। उस समय परिवार के लोग टीवी देख रहे थे। सखिरा उपहार खोलकर देख रही थी और साथ ही खेल रही थी। इस बीच खेलते-खेलते उसका संतुलन बिगड़ गया और सखिरा चौदहवीं मंजिल की खिड़की से गिर गई। जैसे ही उन्हें पता चला कि सखिरा खिड़की से गिर गई है, परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई और सभी सन्न हो गए। सभी लोग इमारत के नीचे भागे। जैसे ही परिवार इमारत के नीचे पहुंचा, तो उन्होंने जो देखा उसपर एक बार तो विश्वास ही नहीं हुआ। सखिरा पेड़ों की शाखाओं और इमारत के नीचे शेड के पतरे की वजह से बच गयी।
  • जांच में सब कुछ नार्मल
सखिरा को थोड़ी चोट लगी थी, लेकिन वह ठीक थी। परिजन तुरंत उसे लेकर सायन अस्पताल दौड़े। वहां उसका इलाज शुरू किया गया। हालांकि, डॉक्टर द्वारा कराई गई सभी रिपोर्ट सामान्य आईं। डॉक्टर ने बताया कि वह पूरी तरह से ठीक हैं और तब परिवार ने राहत की सांस ली।
Editorial

Editorial

Next Story