Congress Headquarters Shift
नई दिल्ली (एजेंसी)। भाजपा (BJP) के बाद अब देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस (Congress) का भी पता बदलने वाला है। कांग्रेस जनवरी के दूसरे सप्ताह में अपने नए हेडक्वॉर्टर में शिफ्ट होने वाली है। इस नए मुख्यालय का नाम इंदिरा भवन रखा गया है। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। बता दें कि फिलहाल कांग्रेस पार्टी का दफ्तर नई दिल्ली के 24, अकबर रोड पर स्थित है।
कांग्रेस का नया छह मंजिला आलीशान कार्यालय 9, कोटला रोड पर स्थित है। कांग्रेस कार्यालय वर्तमान में 24 अकबर रोड पर स्थित है, जो पिछले 45 वर्षों से कांग्रेस के उत्थान और पतन का गवाह रहा है। कांग्रेस को जनवरी 1978 में 24 अकबर रोड पर अपना नया कार्यालय मिला था। 24 अकबर रोड 10 जनपथ से जुड़ा है, जो कि कांग्रेस पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का आवास है। कांग्रेस पार्टी का नया मुख्यालय छह मंजिला है। यह दीन दयाल उपाध्याय रोड स्थित है, जहां भाजपा मुख्यालय भी है। हालांकि, कांग्रेस पार्टी ने इसका मुख्य द्वारा कोटला रोड पर रखा है। इस नई बिल्डांग में कांग्रेस की सभी इकाई शिफ्ट हो जाएगी। फिलहाल, 26 अकबर रोड पर कांग्रेस का सेवा दल, 5 रायसीना रोड पर युवा कांग्रेस और एनएसयूआई का कार्यालय है। इन सभी को यहां शिफ्ट कर दिया जाएगा। शहरी एवं आवासीय विकास मंत्रालय ने कांग्रेस को 24 और 26 अकबर रोड समेत लुटियन्स जोन में स्थित तीन कार्यालयों को खाली करने का नोटिस दिया था। जनवरी 2015 में कांग्रेस के इन कार्यालयों का आवंटन रद्द कर दिया गया था। इसके बाद कांग्रेस ने नए मुख्यालय के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।
Editorial

Editorial

Next Story