thif
मुंबई। एक जूलरी कारोबारी (jewelery businessman) से हुई धोखाधड़ी (Fraud) के मामले में कार्यवाही के लिये कारोबारी से रिश्वत की मांग करनेवाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) (Anti Corruption Bureau) ने मामला दर्ज किया है। एसीबी ने वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मुरलीधर करपे, उपनिरीक्षक राहुल जाधव और कांस्टेबल गणेश मोजार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मिली जानकारी के मुताबिक, चेंबूर इलाके में कारोबारी की सोने खरीदी – बिक्री की दुकान है। जूलरी कारोबारी के पास बतौर महाजनी कर्ज देने का लाइसेंस भी है और वे ब्याज पर कर्ज भी देते हैं। तीन-चार लोगों ने कारोबारी से सोना गिरवी रखकर बदले में कर्ज लिया था। लेकिन मूल रकम और ब्याज जोड़कर राशि दोगुनी-तिगुनी बढ़ गई थी और कर्जदार कर्ज की रकम नहीं लौटा रहे थे। लिहाजा कारोबारी ने इन कर्जदारों के खिलाफ आरसीएफ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। इस लिखित शिकायत पर कार्रवाई के बजाये टालमटोल करते हुये करपे, जाधव और मोजार ने शिकायतकर्ता जूलरी कारोबारी से डेढ़ लाख रुपये की मांग की थी। कारोबारी ने यह रकम दे भी दे थी, लेकिन बावजूद इसके पुलिसकर्मियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिसकर्मियों ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को खुश रखने की बात कहते हुये जूलरी कारोबारी से सोने के बिस्कीट और 60 हजार नकदी की फिर मांग की। शिकायतकर्ता कारोबारी इस बार रिश्वत देने को तैयार नहीं था, लिहाजा उसने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) में इस मामले की शिकायत दर्ज कर दी थी। प्राथमिक जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर एसीबी ने तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसीबी मामले की जांच कर रही है और खबर लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
Next Story