nmo app
लखनऊ (एजेंसी)। मिशन-2024 (Mission-2024) के लिए भाजपा (bjp) नमो ऐप (NaMo app) को हथियार बनाएगी। यूपी को नमो एप के जरिए 100 दिन में 2 करोड़ से अधिक विकसित भारत एंबेसडर बनाने का लक्ष्य दिया गया है। हर संगठनात्मक जिले को 2 लाख एंबेसडर बनाने हैं। बड़े जिलों में यह संख्या अधिक हो सकती है। पार्टी के लिए माइक्रो डोनेशन भी जुटाना है। बुधवार को गोमती नगर स्थित स्कूल में नमो ऐप एवं विकसित भारत अभियान के लिए आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में नमो एप के राष्ट्रीय संयोजक कुलजीत चहल ने इसे लेकर विस्तृत प्रजेंटेशन दिया। चहल ने कहा कि यूपी के लिए 3 करोड़ लोगों को नमो ऐप डाउनलोड कराने का लक्ष्य रखा गया है । प्रदेश में युवाओं, महिलाओं, वकीलों, डॉक्टरों, उद्यमियों सहित हर वर्ग के लोगों को अभियान से जोड़ते हुए विकसित भारत एंबेसडर बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 7 दिसंबर को इसकी शुरूआत की गई थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का कहना है कि विकसित भारत एंबेसडर उन लोगों को बनाना है, जिनकी आंखों में भारत को विकसित बनाने का सपना है, संकल्प, साधना और समर्पण है।
लक्ष्य से आगे निकलेगा यूपी : भूपेंद्र
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी (Bhupendra Singh Chaudhary) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार गरीब कल्याण के कार्यक्रम, अभियान व योजनाओं से देश के जनमानस का विश्वास भाजपा पर लगातार बढ़ रहा है। लोगों तक पहुंचाने का नमो एप सशक्त माध्यम है। संगठन की प्रदेश इकाई ने नमो एप पर दो करोड़ वॉलंटियर को जोड़कर विकसित भारत एंबेसडर बनाने का लक्ष्य लिया है। प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ता इस लक्ष्य से आगे निकलेंगे। उन्होंने कहा कि हम सभी को आगामी अभियानों की सफलता तथा लोकसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटना है।
विकसित भारत एंबेसडर बनाने में जुटें : धर्मपाल
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि नमो एप डाउनलोड तथा प्रोफाइल अपडेट करने के बाद विकसित भारत एंबेसडर बनाने के प्रशिक्षण के लिए 15, 16 व 17 दिसंबर को जिला स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक के प्रत्येक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता के मोबाइल में नमो एप डाउनलोड करने के साथ ही स्थानीय नागरिकों के मोबाइल में भी नमो एप डाउनलोड करना है। एप डाउनलोड के साथ ही हंड्रेड डे चैलेंज, माइक्रो डोनेशन तथा पार्टी के सभी मोर्चे के कार्य प्रारंभ होंगे। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा सेल्फी विद फर्स्ट टाइम वोटर, किसान मोर्चा सेल्फी विद् किसान सहित सभी मोर्चे अभियान चलाकर नमो एप पर सेल्फी अपलोड करेंगे।
विधानसभा स्तर पर होगा दीवार लेखन
धर्मपाल सिंह ने संगठनात्मक अभियानों व कार्यक्रमों पर चर्चा करते हुए कहा कि सभी विधानसभा स्तर पर दीवार लेखन का कार्य प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि 25 दिसंबर को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी (Bharat Ratna Atal Bihari Vajpayee) की जयंती बूथ स्तर पर मनाई जाएगी। पार्टी द्वारा 26 दिसंबर को 'वीर बाल दिवस' (Brave Children's Day) पर गुरू गोविन्द सिंहजी के बेटों के बलिदान पर गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। नमो एप राष्ट्रीय टीम के सदस्य शैलेश पाण्डेय ने कहा कि नमो एप सभी विकसित भारत एंबेसडरों को अपडेट रखेगा और उनके कार्यों को बड़ा मंच देगा। प्रदेश महामंत्री तथा नमो एप अभियान के प्रदेश प्रभारी संजय राय ने कार्यशाला का संचालन किया।
लाभार्थियों से अब रिटर्न गिफ्ट मांगेगी भाजपा
केंद्र व राज्य सरकार की तमाम योजनाओं का गिफ्ट पाने वालों से अब भाजपा रिटर्न गिफ्ट मांगेगी। पार्टी प्रदेश में इसके लिए बड़ी मुहिम शुरू करने जा रही है। इस काम का जिम्मा सभी मोर्चों को सौंपा गया है। काम जमीनी स्तर पर हो, इसके लिए सख्त निगरानी की भी व्यवस्था की गई है। लाभार्थियों से संपर्क करने वाले मोर्चा पदाधिकारियों को अपनी फोटो नमो एप पर अपलोड करनी होगी। इसके अलावा नमो एप के जरिए पार्टी की चुनावी रणनीति को भी जमीन पर उतारा जाएगा।
वर्ष 2014 में देश में और 2017 में प्रदेश सरकार बनने के बाद भाजपा ने लाभार्थियों के रूप में एक नया वोट बैंक तैयार किया है। लाभ पाने वालों से पार्टी ने अब 2024 के लोकसभा चुनाव में समर्थन जुटाने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। पार्टी ने अपने सातों मोर्चों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है। युवा मोर्चा को विश्वविद्यालयों-कॉलेजों के कैंपस में शिविर लगाकर नए मतदाताओं पर फोकस करना है। अल्पसंख्यक मोर्चा को अल्पसंख्यक लाभार्थियों, महिला मोर्चा को महिलाओं, किसान मोर्चा को किसानों, ओबीसी मोर्चा को पिछड़ों, एससी और एसटी मोर्चों को सजातीय लाभार्थियों के बीच जाने को कहा गया है। नमो एप के जरिए ही जिला, लोकसभा और विधानसभावार इसकी मॉनीटरिंग भी लगातार की जाएगी।
Editorial

Editorial

Next Story