Pratahkal-Accused of robbery of Rs 4 crore in Courier Company Arrested
मुंबई । कालबादेवी (Kalbadevi) में एक बहुमंजिला इमारत की 16वीं मंजिल पर कूरियर कंपनी (Courier Compan) के किरायेदारी फ्लैट में घुसकर 4 करोड़ रुपये की लूट और डकैती के आरोपियों को एलटी मार्ग पुलिस ने वारदात के तीस घंटों के भीतर ही गिरफ्तार (Arrested) कर लिया है।
सोमवार को पुलिस ने आरोपियों को पालघर हाईवे से उस वक्त गिरफ्तार किया जब वे एक प्राइवेट गाडी से अपने गृहनगर गुजरात (Gujarat) फरार होने की फिराक में थे। गिरफ्तार आरोपियों के नाम हर्षद ठाकूर (26), राजुबा वाघेला (21), अशोक वाघेला (26), चरणबा वाघेला (26), मेहुल सिंह धाबी (24) और चिराग ठाकूर (26) हैं। पुलिस ने आरोपियों से लूट की लगभग 100 फीसदी रकम बरामद कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों में से एक हर्षद ने अगस्त में इस कूरियर कंपनी में नौकरी छोड़ी थी और वही इस लूटकांड का मास्टरमाइंड है। अन्य पांच आरोपी कंपनी में बतौर ड्राइवर काम करते हैं। रविवार को सुबह 10 बजकर 45 मिनट पर अशोक, चरणबा, मेहुल और चिराग कालबादेवी रोड पर आदित्य हाइट्स नामक बिल्डिंग की लिफ्ट में दाखिल हुये थे। 16 वीं मंजिल पर लिफ्ट से बाहर निकलने से पहले उन्होंने काले मास्क पहन लिये थे और डुप्लीकेट चाबी की मदद से फ्लैट का दरवाजा खोल लिया था। फ्लैट में मौजूद दो कर्मचारियों की पिटाई कर आरोपियों ने उनके मुंह और आंखें बंद कर उन्हें बांध दिया और लॉकर्स में रखे करीब 4 करोड़ रुपये लूटकर फरार हो गये। बिल्डिंग के बाहर से आरोपियों ने एक टैक्सी पकड़ी और वहां से निकल गये। वारदात के दौरान हर्षद और राजूबा बिल्डिंग के बाहर खडे होकर निगरानी कर रहे थे।
बंधे हुये कर्मचारियों ने कुछ देर बाद किसी तरह खुद को छुड़ाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस को जांच के दौरान हर्षद के हाल हीं में नौकरी छोड़ने की जानकारी मिली और शक के आधार पर पुलिस ने हर्षद के बारे में और जानकारी इकट्ठा करनी शुरु कर दी। तकनीकी जांच से पता चला कि हर्षद और उसके साथी गुजरात की ओर बढ़ रहे हैं। एलटी मार्ग पुलिस की एक टीम ने आरोपियों का पीछा कर उन्हें धर दबोचा। सभी छह आरोपी गिरफ्तार कर लिये गये हैं।
Editorial

Editorial

Next Story