patanjali
प्रातःकाल संवाददाता मुंबई | योग, आयुर्वेद चिकित्सा एवं वेलनेस, सैनिकों की स्वास्थ्य रक्षा, आयुर्वेदिक अनुसंधान व सूचना एवं प्रौद्योगिकी आदि क्षेत्र में साथ कार्य को लेकर बनी सहमति हरिद्वार। राष्ट्र की सीमाएं जिनके पुरुषार्थ और तप से सुरक्षित हैं, उन सैनिकों की सेवा के लिए हम कुछ भी कर पाए, यह हमारा सौभाग्य होगा। इसी भाव के साथ सेना मुख्यालय, उत्तर भारत क्षेत्र, बरेली हेडक्वार्टर में भारतीय सेना तथा पतंजलि योगपीठ (Patanjali Yogpeeth) के मध्य एक एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर हुए।
इस अवसर पर पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण (Acharya Balkrishna) तथा भारतीय सेना से लेफ्टिनेंट जनरल एन. एस. राजा सुब्रामणी ( जीओसी इन सी सेंट्रल कमांड), लेफ्टिनेंट जनरल आर. सी. तिवारी ( जीओसी उत्तर भारत क्षेत्र), ब्रिगेडियर अमन आनंद (कमांडर, मुख्यालय 9 स्वतंत्र माउंटेन ब्रिगेड ग्रुप), मेजर विवेक जैकोब उपस्थित रहे। इस सहमति के तहत योग, आयुर्वेद चिकित्सा एवं वेलनेस के क्षेत्र में, सैनिकों की स्वास्थ्य रक्षा हेतु आयुर्वेदिक दवाइयों के अनुसंधान के क्षेत्र में, जैव विविधता के अनुरूप उच्च हिमालयी क्षेत्रों में जीवन रक्षक पेड़ पौधों पर अनुसंधान के क्षेत्र में, सेना में सूचना एवं प्रौद्योगिकी से लेकर ऑटोमेशन के विभिन्न प्रयोगों के क्षेत्र में साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। साथ ही पतंजलि की सहयोगी संस्थाओं द्वारा सेवानिवृत्त सैनिकों को प्राथमिकता के आधार पर नियुक्ति देने पर विचार किया जाएगा। इस परिचर्चा में पहाड़ों से पलायन रोकने व सीमाओं की रक्षा के लिए तथा रोजगार के लिए संसाधनों को पैदा करने इत्यादि विषयों पर भी दोनों पक्षों में सहमति बनी ।
Editorial

Editorial

Next Story