Pratahkal:Woman who stole gold jewelery from jewellery showroom arrested from Gujarat
मुंबई । शहर के बड़े जूलरी शोरूम (jewellery showroom) में रईस महिला ग्राहक के तौर पर दाखिल होकर जूलरी चुरानेवाली महिला को पुलिस ने गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला महंगी साड़ियां और कीमती आभूषण पहनकर किसी रईस महिला के तौर पर इन जूलरी शोरूम में चोरी के मकसद से जाती थी। आरोपी महिला का नाम पूनमबेन रंगानी है। महिला पर 18 सितंबर को अंधेरी पश्चिम में लोखंडवाला मार्केट में एमके ज्वेलर्स से करीब 1.5 लाख रुपये कीमत के नेकलेस चुराने का आरोप है। पुलिस ने महिला से जूलरी भी बरामद कर ली है। ओशिवरा डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मोहन पाटील ने जूलरी शोरूम् में चोरी के मामले की जांच के लिये एक टीम गठित की थी। सहायक पुलिस निरीक्षक संदीप पाटील को इस महिला को धर दबोचने की जिम्मेदारी सौंपते हुये पुलिस टीम की अगुवाई का जिम्मा सौंपा गया था।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पता चला कि महिला ने कर्मचारी का ध्यान भटकाते हुये नेकलेस चुरा लिये थे। नेकलेस का यह बॉक्स उसने अपने अंतर्वस्त्रों में छिपा दिया था। इसके बाद महिला शोरूम से बिना कोई खरीदारी किये ही निकल गई थी। बाद में शोरूम बंद करते समय माल की जांच की गई तो इस चोरी का खुलासा हुआ था। सीसीटीवी के मुताबिक, महिला ने शॉप के बाहर एक ऑटोरिक्शा पकड़ी थी। ऑटो ड्राइवर से पूछताछ की गई तो पता चला कि अगले सिग्नल पर एक व्यक्ति उस महिला के साथ आ गया था। ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि उसने दोनों को वाकोला में एक लॉज में छोड़ा था। लॉज में महिला ने जो आधार कार्ड ब्यौरा दिया था, पुलिस ने उसके आधार पर जांच की तो पता चला कि लॉज में दो दिन ठहरनेवाली महिला गुजरात की रहनेवाली है। आखिरकार पुलिस ने महिला को इस सप्ताह की शुरुआत में धर दबोचा।
Editorial

Editorial

Next Story