Pratahkal:New station will be built between Ambernath and Badlapur
मुंबई । कल्याण – बदलापुर मार्ग पर रहनेवालों के लिये एक बड़ी राहतभरी खबर है। मध्य रेलवे की मुख्य लाइन पर जल्द ही अंबरनाथ और बदलापुर के बीच नया स्टेशन बनेगा। मुंबई रेलवे विकास कॉर्पोरेशन (एमआरवीसी) ने प्रोजेक्ट को हरी झंडी मिलने के बाद चिखलोली स्टेशन के निर्माण के लिये निविदायें आमंत्रित की थी। चिखलोली स्टेशन सीएसएमटी-खोपोली लाइन पर अंबरनाथ से 4.3 किमी. और बदलापूर से 3 किमी. की दूरी पर करीब 8 एकड़ जमीन पर 82 करोड़ की लागत से बनाया जायेगा। यह स्टेशन तीन वर्षों में बनकर तैयार होगा। मध्य रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, कल्याण के आगे खोपोली की लाइन पर यह स्टेशन होगा। यह प्रोजेक्ट 10947 करोड़ के मुंबई शहर परिवहन प्रोजेक्ट – 3ए का एक भाग है जो एमआरवीसी द्वारा क्रियान्वित किया जा रहा है। एमआरवीसी चेयरमैन और प्रबंध निदेशक एससी गुप्ता के मुताबिक, कल्याण और बदलापुर के बीच तीसरी और चौथी लाइन का निर्माण किया जा रहा है। चिखलोली स्टेशन इस प्रोजेक्ट के तहत बनाया जा रहा है। हाल के समय में उपनगरों में खासकर कल्याण और डोंबिवली में मध्यम और निम्न मध्यम वर्ग परिवारों की आबादी में तेजी से इजाफा हो रहा है। अंबरनाथ और बदलापूर स्टेशनों पर पहले ही काफी ज्यादा भीड़ भाड़ है और काफी समय से इस भीड़ को कम किये जाने की मांग की जाती रही है। इस लिहाज से इन दोनों स्टेशन के बीच एक नये स्टेशन की जरूरत भी थी और मांग भी थी, लिहाजा चिखलोली स्टेशन के निर्माण का फैसला किया गया था। साल 2019 में चिखलोली स्टेशन के निर्माण के लिये मंजूरी मिल गई थी। लेकिन तत्कालीन महाविकास आघाडी सरकार ने एजेंसी को फंड दिये जाने पर रोक लगा दी थी जिससे काम अटक गया था।
Editorial

Editorial

Next Story