Pratahkal:Betting App scandal : Main accused arrested at airport

मुंबई । महादेव सट्टेबाजी एप (Betting App ) के मामले के मुख्य आरोपियों में से एक को रविवार को मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनैशनल एयरपोर्ट (Chhatrapati Shivaji Maharaj International Airport, Mumbai) पर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी मृगांक मिश्रा दुबई से यहां मुंबई एयरपोर्ट पहुंचा था। मिश्रा पर 1600 से ज्यादा फर्जी बैंक खाते खोलकर रकम सट्टेबाजी की रकम ठिकाने लगाने में प्रमोटर्स की मदद करने का आरोप है।
राजस्थान पुलिस (Rajasthan Police) ने महादेव सट्टेबाजी एप के खिलाफ मामला दर्ज किया था और आरोपी मिश्रा के खिलाफ लुकआउट नोटीस भी जारी किया गया था। राजस्थान पुलिस ने फिलहाल मिश्रा की कस्टडी ले ली है। गौरतलब है कि महादेव सट्टेबाजी एप के इस चर्चित मामले में विभिन्न राज्यों में आपराधिक मामले दर्ज किये गये हैं।
गिरफ्तार आरोपी मिश्रा मूल रूप से मध्य प्रदेश के रतलाम का रहनेवाला है। पिछले कुछ समय से वह दुबई में छिपा बैठा था। रविवार को जैसे ही वह दुबई से लौटा, सुरक्षा अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मिश्रा को सहार पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया था। सहार पुलिस ने राजस्थान पुलिस को मिश्रा की कस्टडी सौंप दी है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पहले ही इस मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग कांड की जांच में जुटी है। जांच एजेंसी इस सट्टेबाजी घपले के प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर के साथ मिश्रा के तार जुड़े होने की जांच में जुटी है।
खास बात यह है कि महादेव सट्टेबाजी एप के मामले में ईडी पहले ही फिल्म एक्टर रनवीर कपूर, हुमा कुरेशी और हिना खान तथा कॉमेडियन कपिल शर्मा से पूछताछ के लिये बुला चुकी है। हालांकि इन तमाम सितारों ने खत लिखकर ईडी से कुछ मोहलत मांगी है और जल्द ही पेश होने का आश्वासन दिया है। केंद्रीय जांच एजेंसी इन एक्टर्स को इस एप के प्रमोशन के लिये किये गये भुगतान के स्त्रोत तलाशने की कोशिश में है।
Editorial

Editorial

Next Story