✕
भाजपा की पहली सूची में कांग्रेस के 18 दिग्गजों की सीटों पर उतारे प्रत्याशी
By EditorialPublished on
राजस्थान (rajasthan) में भाजपा (bjp) ने पहली ही लिस्ट में 17 मंत्रियों की सीट पर प्रत्याशी उतार दिए हैं। 41 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट राजस्थान के जातिगत समीकरणों के इर्द- गिर्द ही नजर आई है । हालांकि तीन-चौथाई सीटों पर भाजपा के उम्मीदवारों की सूची आना फिलहाल बाकी है, लेकिन पहली लिस्ट से तय हो गया है कि भाजपा किन मापदंडों के आधार पर टिकट देगी । लिस्ट का आकलन करें तो जाति और उम्र के साथ-साथ ध्रुवीकरण का मैसेज भी नजर आया है।

x
जयपुर (कार्यालय संवाददाता)। राजस्थान (rajasthan) में भाजपा (bjp) ने पहली ही लिस्ट में 17 मंत्रियों की सीट पर प्रत्याशी उतार दिए हैं। 41 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट राजस्थान के जातिगत समीकरणों के इर्द- गिर्द ही नजर आई है ।
हालांकि तीन-चौथाई सीटों पर भाजपा के उम्मीदवारों की सूची आना फिलहाल बाकी है, लेकिन पहली लिस्ट से तय हो गया है कि भाजपा किन मापदंडों के आधार पर टिकट देगी । लिस्ट का आकलन करें तो जाति और उम्र के साथ-साथ ध्रुवीकरण का मैसेज भी नजर आया है।
18 दिग्गजों की सीटों पर एंटी-इनकम्बेंसी का फायदा उठाने की तैयारी
भाजपा ने अपनी 41 सीटों में से 18 टिकट उन सीटों पर दिए हैं, जहां कांग्रेस के मंत्री, प्रदेशाध्यक्ष या राज्यमंत्री चुनाव लड़ते हैं। इनमें ज्यादातर कांग्रेस के कद्दावर मंत्रियों की सीटें शामिल हैं।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि कांग्रेस सरकार (congress government) में मंत्रियों और विधायकों के प्रति एंटी-इनकम्बेंसी है । इसी का फायदा उठाने के लिए मंत्रियों की सीटों पर टिकट जारी किए गए हैं।
10 आदिवासी सीटों पर टिकट, भाजपा के पास एक भी नहीं
भाजपा की पहली लिस्ट में सबसे ज्यादा 10 टिकट आदिवासी सीटों पर दिए हैं। आदिवासी सीटों पर कांग्रेस लगातार भाजपा के मुकाबले ज्यादा मजबूत रही है। जिन 10 सीटों पर टिकट मिले हैं, इनमें से 7 सीटें कांग्रेस और 2 सीटें बीटीपी के पास हैं। वहीं एक सीट निर्दलीय प्रत्याशी के पास है। ऐसे में राजस्थान में एसटी की 25 में से 10 सीटों पर टिकट जारी कर भाजपा ने आदिवासी समुदाय में अपनी पकड़ मजबूत करने का मैसेज दे दिया है। इसके अलावा सवाई माधोपुर की सीट पर भी किरोड़ीलाल मीणा को उतारा गया है। पिछली बार 25 एसटी सीटों में से 12 पर कांग्रेस और 10 पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी।
8 जाट प्रत्याशी, 4 गुर्जर, 4 राजपूतों को
आदिवासियों के अलावा भाजपा ने सबसे ज्यादा 8 टिकट जाट समुदाय से दिए हैं। जिन सीटों पर ये टिकट दिए गए हैं, वहां जाट सबसे प्रभावी या दूसरी सबसे प्रभावी कौम है। इनमें सांसद भागीरथ चौधरी और नरेंद्र कुमार सहित अन्य शामिल हैं। इसके अलावा दीया कुमारी और राज्यवर्धन राठौड़ 4 टिकट राजपूत समाज से टिकट दिए गए हैं। पिछली बार गुर्जर समुदाय (Gujjar community) में बड़ी हार झेलने वाली भाजपा ने 4 टिकट गुर्जर समाज से दिए हैं।
एससी की 6 सीटें, ब्राह्मण - माली समाज से 2-2 टिकट
भाजपा ने इसके अलावा 6 एससी सीटों पर भी टिकट तय कर दिए हैं। पिछली बार राजस्थान की 34 एससी सीटों में से कांग्रेस (Congress) ने 19 और भाजपा ने 12 सीटें जीती थी। भाजपा ने जिन सीटों पर टिकट जारी किए हैं, उनमें कांग्रेस से मंत्री रहे मास्टर भंवरलाल मेघवाल की सीट थी। मेघवाल का 2020 में निधन हो गया था। इसके अलावा भाजपा ने 2 टिकटें ब्राह्मण और 2 माली प्रत्याशियों को भी दी हैं। जाट, ब्राह्मण, राजपूत, मीणा, गुर्जर, माली समाज से नेताओं को टिकट देकर पहली सूची में कास्ट कॉम्बिनेशन का पूरा ध्यान रखा गया है।
उम्र को लेकर भी मैसेज : 70 प्लस के सिर्फ एक नेता को टिकट
भाजपा ने इस लिस्ट में उम्र को लेकर भी साफ मैसेज दिया है। 41 लोगों की सूची में सिर्फ 1 प्रत्याशी ऐसे हैं, जिनकी उम्र 70 से ज्यादा है।
सवाई माधोपुर (Sawai madhopur) से टिकट लेने वाले किरोड़ीलाल मीणा (Kirodilal Meena) की उम्र 71 साल है। उनके अलावा कोई भी नेता 70 प्लस का नहीं है। ऐसे में जानकारों का यह मानना है कि भाजपा एक मैसेज साफ देना चाहती है कि 70 साल से कम उम्र के नेताओं को ही ज्यादातर टिकट मिलेंगे। 70 प्लस से ऊपर सिर्फ बड़े चेहरों या खास समीकरण के चलते ही टिकट दिया जाएगा। सबसे ज्यादा 13 टिकट 51 से 60 साल के प्रत्याशियों को मिले हैं।
दूसरी लिस्ट में मजबूत सीटों पर आ सकती है सूची
जानकारों का मानना है कि भाजपा अपनी दूसरी लिस्ट में मजबूत सीटों पर प्रत्याशी घोषित करेगी। इनमें ज्यादातर सीटें वो होंगी जिनमें पिछले चुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज की थी। इन सीटों पर नेताओं के टिकट उतने नहीं कटेंगे जिस तरह से पहली लिस्ट में कटे थे। पहली लिस्ट 41 में से 29 टिकट नए चेहरों को भाजपा ने जारी किए थे। मगर दूसरी सूची में ज्यादातर नाम वो हो सकते हैं जो चुनाव जीत रहे हैं।

Editorial
Next Story
Related News
X
