✕
एशिया कप 2023 में एक बार फिर आमने-सामने होंगे भारत-पाकिस्तान
By EditorialPublished on
शाह ने ट्वीट करते हुए लिखा, 2023 और 2024 के लिए एसीसी का पाथवे स्ट्रक्चर और क्रिकेट कैलेंडर पेश कर रहा हूं! यह इस खेल को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के हमारे अद्वितीय प्रयासों और जुनून को दर्शाता है। शानदार प्रदर्शन के लिए तैयार देशों के क्रिकेटरों के साथ, यह क्रिकेट के लिए एक अच्छा समय होने का वादा करता है! एशिया कप 2023 में लीग स्टेज, सुपर-4 और फाइनल मिलकर कुल 13 मुकाबले खेले जाएंगे, हालांकि अभी तक इस टूर्नामेंट का शेड्यूल सामने नहीं आया है ।

x

नई दिल्ली (एजेंसी) : एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष जय शाह (Jai Shah) ने 2023 और 2024 में होने वाले टूर्नामेंट की सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में फैंस की सबसे पहली नजर इस साल पाकिस्तान (Pakistan) में आयोजित एशिया कप 2023 (Asia Cup 2023) पर पड़ी। जय शाह के ट्वीट के अनुसार सितंबर में एशिया कप वनडे प्रारूप में खेला जाएगा जिसमें भारत और पाकिस्तान की टीमें एक ही ग्रुप में होगी, वहीं अन्य ग्रुप में गत चैंपियन श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि एशिया कप का आयोजन पाकिस्तान में होगा कि नहीं। दरअसल, इस टूर्नामेंट की मेजबानी अधिकारिक रूप से पाकिस्तान के पास है, मगर बीसीसीआई सचिव होने के नाते जय शाह पहले ही साफ कर चुके हैं कि टीम इंडिया पाकिस्तान नहीं जाएगी।
शाह ने ट्वीट करते हुए लिखा, 2023 और 2024 के लिए एसीसी का पाथवे स्ट्रक्चर और क्रिकेट कैलेंडर पेश कर रहा हूं! यह इस खेल को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के हमारे अद्वितीय प्रयासों और जुनून को दर्शाता है। शानदार प्रदर्शन के लिए तैयार देशों के क्रिकेटरों के साथ, यह क्रिकेट के लिए एक अच्छा समय होने का वादा करता है! एशिया कप 2023 में लीग स्टेज, सुपर-4 और फाइनल मिलकर कुल 13 मुकाबले खेले जाएंगे, हालांकि अभी तक इस टूर्नामेंट का शेड्यूल सामने नहीं आया है ।
इनके अलावा भारत-पाक महिला एशिया कप, महिला टी-20 एमजिंग एशिया कप, मेंस एमर्जिंग 50 ओवर एशिया कप और मेंस अंडर-19 एशिया कप में भी भारत - पाक आमने-सामने होंगे ।
पाकिस्तान से छिन सकती है मेजबानी
टी20 वर्ल्ड कप 2022 (T20 World Cup 2022) से पहले जय शाह ने एनुअल जनरल मीटिंग (एजीएम) में साफ कर दिया था कि एशिया कप के लिए भारतीय टीम पाकिस्तान नहीं जाएगी और इस टूर्नामेंट को न्यूट्रल वेन्यू पर शिफ्ट किया जाएगा। बीसीसीआई (BCCI) सचिव के इस बयान के बाद पूरे पाकिस्तान में हड़कंप मच गया था। पाकिस्तान में लंबे समय बाद बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट की वापसी होने जा रही है और टूर्नामेंट से पहले ये बयान मेजबानों के लिए काफी बड़ा झटका है। जय शाह के बयान के बाद पाकिस्तान से यह भी बयान सामने आए थे कि अगर इंडिया इस टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान नहीं आएगी तो उनकी टीम भी वर्ल्ड कप 2023 के लिए भारत नहीं जाएगी। बता दें, भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) 2008 के बाद से पाकिस्तान नहीं गई है। 2008 एशिया कप के लिए भारतीय टीम आखिरी बार पाकिस्तान गई थी।

Editorial
Next Story
Related News
X