Railway Minister Ashwini Vaishnaw
मुंबई ( प्रा.सं.) : केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (Railway Minister Ashwini Vaishnaw) ने आज पाली के निकट बांद्रा टर्मिनस-जोधपुर सूर्यनगरी एक्सप्रेस के 13 डिब्बे पटरी से उतरने के कारण घटनास्थल का जायजा लिया।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार सूर्यनगरी एक्सप्रेस के 13 डिब्बे आज प्रातः 3.27 बजे राजकियावास-बोमादडा रेलखंड के बीच डिरेल हो गए। सूचना प्राप्त होते ही रेलकर्मियों के साथ स्थानीय लोगों की सहायता से बचाव कार्य प्रारम्भ किया गया। इस रेल दुर्घटना में किसी भी प्रकार की कैजुअल्टी नहीं हुई। 26 यात्रियों को चोट आने के कारण पाली स्थित बांगड अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिये ले जाया गया। जोधपुर एवं आबूरोड से दुर्घटना राहत गाड़ी रवाना की गई एवं मण्डल रेल प्रबंधक-जोधपुर सहित अधिकारीगण साइट पर पहुंचे। जयपुर से विजय शर्मा, महाप्रबंधक - उत्तर पश्चिम रेलवे सहित अन्य उच्च अधिकारी स्थिति की समीक्षा कर दुर्घटनास्थल के लिये निकले रेलमंत्री को घटनाक्रम की जानकारी प्रदान की ।
ट्रेन में कुल 1135 यात्री यात्रा कर रहे थे। दुर्घटना के पश्चात् 725 यात्रियों को इसी गाडी के अगले 9 डिब्बों में, 185 यात्रियों को सरकारी बसों तथा शेष यात्रियों को निजी साधनों से गतंव्य स्थान तक पहुंचाया गया ।
रेलमंत्री ने घायल यात्रियों को राहत पहुंचाने के लिये 16 यात्रियों को 25-25 हजार रूपये तथा 1 गंभीर रूप से घायल यात्री को 1 लाख रूपये देने की घोषणा की तथा रेलवे प्रशासन ने अस्पताल में ही घायलों को यह राशि प्रदान की।
बाद में रेल मंत्री वैष्णव ने घटनास्थल का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ अनिल कुमार लाहौटी, चेयरमैन तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी- रेलवे बोर्ड, ब्रज मोहन अग्रवाल, महानिदेशक ( संरक्षा) - रेलवे बोर्ड, विजय शर्मा, महाप्रबंधक - उत्तर पश्चिम रेलवे, गीतिका पाण्डे, मण्डल रेल प्रबंधक - जोधपुर साथ थे। अश्विनी वैष्णव ने घटनास्थल का गहनता के साथ निरीक्षण किया और रेल संरक्षा आयुक्त को जांच के आदेश प्रदान किये।
Editorial

Editorial

Next Story