plastic bags Ban Mumbai
मुंबई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के हाथों पीएम स्वनिधि योजना के तहत फेरीवालों को दी गई 10 हजार रुपए की राशि से फुर्सत पाने के बाद बीएमसी (BMC) के रडार पर अब मॉल और दुकानें हैं, जहां धड़ल्ले से प्लास्टिक की थैलियों (Plastic Bags) का उपयोग किया जा रहा है। ऐसे मॉल और दुकानों पर जल्द ही बड़ी कार्रवाई की जाने वाली है। बीएमसी अधिकारी ने बताया कि 50 माइक्रोन से कम पतली प्लास्टिक की थैलियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद कई जगहों पर प्लास्टिक की थैलियों के उपयोग किए जाने की शिकायतें प्राप्त हो रही है। इन शिकायतों का निराकरण करने के लिए बीएमसी जल्द ही बड़ा एक्शन लेने जा रही है। गौरतलब है कि मुंबई में 1 जुलाई 2022 से प्रतिबंधित प्लास्टिक की थैलियों के इस्तेमाल पर पाबंदी लगाई गई है। इसके बावजूद मुंबई की दुकानों, फेरीवाले प्लास्टिक की थैलियों को उपयोग कर रहे हैं। बीएमसी अधिकारी इस बात को स्वीकार किया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक की थैलियों के खिलाफ जिस एकाग्रता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए वैसी हो नहीं पा रही है। इसलिए दुकानदार, हॉकर्स और सब्जी विक्रेता लोगों को प्लास्टिक की थैली में खुलेआम सामान दे रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि शराब की दुकान और मॉल्स में भी प्लास्टिक की थैली के इस्तेमाल की शिकायत मिली है। शराब की दुकान चलाने वाले दुकानदार ग्राहकों को काली थैली में शराब की बोतल और बीयर के बोतल दे रहे हैं। इसी तरह मॉल में ग्रोसरी के सामान प्लास्टिक की थैलियों में दिए जा रहे हैं। बीएमसी अधिकारी ने बताया कि उन्होंने विशेष अभियान चलाकर अवैध रूप से प्लास्टिक बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाने का आदेश दिया है। अधिकारी ने यह भी आदेश दिया कि अगले सप्ताह कितनी कार्रवाई की गई इसकी भी रिपोर्ट भी दें।
Next Story