Arrested
प्रातः काल संवाददाता मुंबई : मुंबई पुलिस की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट (सीआईयू) ने शनिवार को राजस्थान के उदयपुर से एक लॉ स्टूडेंट को 35 लाख रुपये की ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी स्टूडेंट पर मुंबई के कारोबारी के बकाया कर्ज खाते को समझौते के जरिये निपटाने का झांसा देकर इस ठगी को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी छात्र की पहचान तुषार सुथार के तौर पर की गई है। आरोपी पर पहले भी राजस्थान में अपने रिश्तेदारों से ठगी का आरोप है।
आरोपी ने मुंबई के कारोबारी अशोक रजानी को अपना परिचय भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के एक वरिष्ठ अधिकारी के तौर पर दिया था और अपनी तैनाती केंद्र सरकार में होने की बात बताई थी। आरोपी ने कारोबारी को आश्वासन दिया था कि वह उनका कर्ज खाता और उसके चलते चल रहे कानूनी मुकदमे को निपटा देगा। कारोबारी का यह कर्ज वसूली संबंधित मामला कर्ज वसूली न्यायाधिकरण के समक्ष प्रलंबित था। आरोपी सुथार ने इसके लिये कारोबारी से 35 लाख रुपये की रकम बतौर एडवांस ले ली थी और इसके बाद वह गायब हो गया था। कारोबारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद पुलिस ने जांच और कार्रवाई करते हुये आरोपी सुथार को उदयपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
Next Story