CM Ashok Gehlot - Sachin Pilot
प्रातः काल संवाददाता जयपुर : पेपरलीक (Paper Leak) मामले में छोटे दलालों की जगह सरगनाओं को पकड़ने के सचिन पायलट के बयान पर अब सीएम अशोक गहलोत (CM Ashok Gehlot) ने पलटवार करते हुए जवाब दिया है। गहलोत ने पायलट को जवाब देते हुए कहा, पेपरलीक में जिनके ऊपर कार्रवाई की वे सरगना ही हैं। नेता लोग नाम बता दें, हम उन पर भी कार्रवाई करेंगे। हमारी यही सोच है कि जिसने पेपर लीक करने का यह षड्यंत्र किया है। पेपरलीक करते हैं। हम उन तक पहुंचें। हम पहुंचें भी हैं। उन्हें आगे भी नहीं छोड़ेंगे। गहलोत मंगलवार सुबह हरिश्चंद्र माथुर लोक प्रशासन संस्थान में चल रहे सरकार के चिंतन शिविर में आने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
गहलोत ने कहा, कई राज्यों में तो लोग पेपर लीक होने के बाद फर्जी तरीके से नियुक्तियां पा जाते हैं। राजस्थान में हुई शिक्षक भर्ती परीक्षा (Teacher Recruitment Exam) में 25 लाख युवा बैठे थे। हमने उनकी सुविधा के लिए रोडवेज के साथ प्राइवेट बसों में फ्री यात्रा की सुविधा दी। सभी कलेक्टर से कहकर रहने खाने की व्यवस्था की। सब व्यवस्थाएं अच्छी हुई, लेकिन पेपर लीक हो गया। एग्जाम कैंसिल करना पड़ा। उसके कारण जो अच्छे काम किए उन पर पानी फिर जाता है। ये जो बेईमान, गैंगस्टर (cheater, gangster) हैं। उनको छोड़ेंगे नहीं, पूरी कार्रवाई करेंगे।
यूपी - म.प्र. में क्या हो रहा है उसकी विपक्ष चर्चा नहीं करता
गहलोत ने भाजपा (BJP) ओर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, प्रदेश में युवाओं को नौकरियां देने का श्रेय कांग्रेस सरकार (Congress Government) को नहीं मिले, इसलिए गलत बयानबाजी में लगे हैं। जो पेपर लीक हुए हैं, ये यह नहीं कहते कि यूपी में क्या हो रहा है, मध्यप्रदेश में क्या हो रहा है। वहां भी पेपरलीक हो रहे हैं। यहां तो कार्रवाई हुई है। लोगों को जेल भेजा गया है, कहीं जेल नहीं भेजा गया। यहां सब कुछ कर दिया, कानून बना दिया, जेल भेज दिया, मकान गिरा दिए, बर्खास्त कर दिया लोगों को। सब कुछ कर दिया। विपक्ष के लोग बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।
पेपरलीक में कोई नेता, अफसर शामिल नहीं, विपक्ष के लोग झूठे नाम ले रहे
गहलोत ने कहा, 3 लाख से ज्यादा नौकरियां देने की हमारी उपलब्धि बहुत बड़ी है। यह उपलब्धि जनता तक नहीं पहुंचे, इसलिए विपक्ष के लोग प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। बार-बार लोगों को गुमराह कर रहे हैं। विपक्ष के लोग पेपरलीक में नेताओं और अफसरों के झूठे नाम ले रहे हैं। जानबूझकर नेताओं के नाम ले रहे हैं। कोई अधिकारी और नेता इसमें शामिल नहीं है। पेपरलीक करने वालों की जो गैंग बनी हुई है, उसकी तह तक हम पहुंचे हैं। शिक्षा संकुल में क्या हुआ, वहां तक पहुंचे। लोग जेल गए हैं। जनता सब समझदार है, सब समझ जाएगी। पिछली सरकार के वक्त भी पेपर लीक हुआ था। आज तक कोई कार्रवाई हुई।
पेपरलीक करने वालों के खिलाफ इतने कड़े कदम किसी राज्य ने नहीं उठाए, सरकार और क्या कर सकती है?
गहलोत ने कहा, राजस्थान एकमात्र राज्य है। जहां पेपर लीक करने वालों तक हम पहुंचे हैं। पेपर लीक करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है, कई अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया। बर्खास्त कर दिया। मकानों पर बुलडोजर चला दिए। नकल के खिलाफ कानून पास कर दिया। नकल करने वालों को परीक्षा से अयोग्य घोषित कर दिया। जो कड़े कदम हमने उठाए हैं, हिंदुस्तान में किसी राज्य में नहीं उठाए। सरकार और क्या कर सकती है? सरकार 3 लाख ज्यादा नौकरियां दे रही है। विपक्ष के लोग चाहते हैं कि सरकार जो परफॉर्मेंस दे रही है। उसका क्रेडिट उसे नहीं मिले।
पायलट ने कहा था : छोटे-मोटे दलालों की बजाय सरगना को पकड़ना चाहिए
प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं के पेपरलीक होने पर सचिन पायलट
(Sachin Pilot)
ने गहलोत सरकार पर निशाना साधा था। नागौर जिले के परबतसर में किसान सम्मेलन में पायलट ने कल कहा था, सच बताता हूं, जब भी खबर पढ़ता हूं कि हमारे प्रदेश में कभी पेपर लीक हो गए, कभी परीक्षा कैंसिल हो गई तो मन आहत होता है। पीड़ा होती है। गांव का नौजवान अगर परीक्षा की तैयारी करता है तो उसके माता पिता को कितनी तकलीफ उठानी पड़ती है? कहां से वह ट्यूशन के पैसे लाते है, कहां से वह किताबों के पैसे लाता है। दिन रात मेहनत करता है और विपरीत हालात में परीक्षा की तैयारी करता है। मैं उम्मीद करता हूं कि ये जो छोटी मोटी दलाली करते हैं, बजाय इनके जो सरगना है इस तरह के काम करने वाले, उन्हें पकड़ना चाहिए। क्योंकि इस देश का नौजवान अगर सही रास्ते पर नहीं चलेगा, उसे उसकी मेहनता का फल नहीं मिलेगा, उसके विश्वास में कमी आ जाएगी तो यह हमारे देश और प्रदेश के लिए अच्छा संकेत नहीं है।
Editorial

Editorial

Next Story