Mangal Prabhat Lodha-Suresh Goyal
प्रातः काल संवाददाता मुंबई : भारतीय जनता पार्टी (BJP) का निष्ठावान कार्यकर्ता कभी किसी पद या प्रतिष्ठा के लिए नाराज नहीं होता। मैं खुद 6 बार से विधायक हूं और अब जाकर मुझे मंत्री बनने का मौका मिला है, लेकिन इतने समय तक मैंने कभी पार्टी नेतृत्व के प्रति नाराजगी नहीं व्यक्त की। यह सिर्फ मेरी बात नहीं है, बल्कि भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता में यह गुण होता है। यह कहना है महाराष्ट्र के पर्यावरण, कौशल विकास, महिला व बाल विकास, रोजगार व उद्यमिता विभाग के कैबिनेट मंत्री व मुंबई उपनगर के पालक मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा (Mangal Prabhat Lodha) का, जो मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी
(Acharya Pawan Tripathi)
के साथ प्रातःकाल लाइव के संवाद कार्यक्रम में भाग लेने आये थे।
प्रातः काल कार्यालय में लोढ़ा ने प्रधान संपादक सुरेश गोयल (Editor-in-Chief Suresh Goyal) से मुलाकात करके उन्हे गणपति की प्रतिमा भेंट की। इस दौरान संपादक महीप गोयल (Editor Maheep Goyal) ने लोढ़ा को पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। लोढ़ा और गोयल के बीच राजस्थान - महाराष्ट्र की राजनीति और तमाम सामाजिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके बाद शुरू हुआ संवाद का सिलसिला, जिसमें प्रातःकाल की टीम द्वारा लोढ़ा से मुंबई की राजनीति, राजस्थानी प्रवासियों की स्थिति, उनके विभागों की गतिविधियों के संबंध में कई सवाल पूछे गये, जिस पर लोढ़ा ने एक सधे हुए राजनेता की तरह जवाब दिया। इस अवसर पर अरुण उपाध्याय
(Arun Upadhyay)
ने लोढ़ा से सवाल किया कि आप विपक्ष में थे, मालाड के मालवनी इलाके से हिंदुओं के पलायन का मुद्दा विधानसभा में उठाया गया था, जो काफी दिनों तक मीडिया में छाया रहा। अब आप सत्ता में हैं, तो मालवनी के मुद्दे पर आपका क्या स्टैंड है? इस पर लोढ़ा ने कहा, वे संघ के स्वयंसेवक हैं। वहां के हिंदुओं (Hindu) को जिस तरह की प्रताड़ना का शिकार होकर अपने घर छोड़ना पड़ा, वो अपने आप में बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। लोढ़ा ने कहा कि वे हर छः महीने में वहां जाते रहते हैं और मालवनी के हिंदुओं से मिलकर उनकी तकलीफों के निवारण का प्रयास करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा, उनकी सरकार में किसी भी हिंदू का शोषण नहीं हो पायेगा ।
Mangal Prabhat Lodha-Suresh Goyal Pratahkal
सीमा पारीक ने पूछा कि आप वर्तमान में महाराष्ट्र (Maharashtra) के महिला एवं बाल कल्याण विभाग के मंत्री भी है। इस पद पर रहकर आपने राज्य की महिलाओं और बच्चों को राहत मिले, इसके लिए क्या रोड मैप तैयार किया है। इसके जवाब में लोढ़ा ने कहा कि इस वक्त इस पद के लिए कोई महिला के मंत्री नहीं होने की वजह से इस पद का कार्यभार मुझे दिया गया है। इस लिए मेरी जिम्मेदारी महिलाओं और बच्चों के लिए बहुत बड़ी है और मैं महिला सुधार गृह, आंगनवाड़ी, बाल सुधार गृह आदि पर व्यवस्थित रूप से कार्य कर रहा हूँ। लेकिन देश में किसी भी सामाजिक सुधार के लिए सरकार अकेली कार्य नहीं कर सकती। इसलिए समाज को भी आगे आकर सरकार के साथ काम करना चाहिए। फिलहाल मैं महिलाओं और बाल विकास के लिए एनजीओ, कॉरपोरेट व अन्य सामाजिक संस्थाओं को साथ में लेकर काम कर रहा हूँ और विषम परिस्थितियों को जल्द ही अनुकूल करने के लिए प्रयासरत हूँ । नरेश आमेटा ने लोढ़ा से सवाल किया कि प्रवासी युवा जो राजनीति में आना चाहे, तो आप उसको क्या सलाह देंगे। इस पर लोढ़ा ने कहा, राजनीति में जो भी आना चाहें, उनका स्वागत है। बस धैर्य रखने की जरूरत है। राजनीति में जल्दबाजी करने वालों की जरूरत नहीं है। इस बीच अल्मास सिद्दीकी ने सवाल किया, आप एक ही सीट से छह बार विधानसभा चुनाव जीते है। इसके पीछे क्या राज है? तो उन्होंने कहा कि मतदाताओं की आंखों में एक्सरे मशीन लगी हुई है। साधारण एक्सरे मशीन तो तुरंत रिजल्ट दे देती है। लेकिन जो लोगों की आंखों में लगी मशीन है, वह हर पांच साल में एक बार रिजल्ट बताती है। आप पांच साल ईमानदारी से काम करो, जनता को अपने परिवार का सदस्य समझो और जब चुनाव के वक्त आप लोगों को मीठी मीठी बातें बोलते है, तो ऐसा ही मीठा मन हमेशा रखो, तब जनता आप को पसंद करेगी। यदि आप लोगों को उल्लू बनाओगे, तो लोग भी आपको उल्लू बना देंगे।
संवाद के दौरान हरिसिंह राजपुरोहित ने लोढ़ा से पूछा कि आप वकील बनने घर से निकले थे, लेकिन देश की सबसे धनी विधानसभा से एक बार नहीं, 6 बार विधायक बने । मुंबई भाजपा के अध्यक्ष बने और महाराष्ट्र सरकार में कैबिनेट मंत्री बन गए। अब राजनीतिक गलियारों में ऐसा माना जा रहा है और आपकी राजनीतिक गति को देखते हुए ऐसा लगता है कि आप 2024 में दक्षिण मुंबई से लोकसभा का चुनाव जीतकर सांसद हो सकते हैं। आप जैसे कद्दावर नेता के लिए यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगा कि आप अगली मोदी सरकार (Modi government) में मंत्री बनेगे। इस पर लोढ़ा ने कहा कि मैं आप लोगों को मिलने आया हूं। मैं जहां हूं ठीक हूं। मैं भविष्य के सपने नहीं देखता । आप लोग मुझे मुंगेरीलाल के हसीन सपने मत दिखाओ। मनीष पालीवाल द्वारा राजस्थानी समाज
(Rajasthani Society)
के युवाओं द्वारा आगामी मनपा चुनाव में की जा रही तैयारी के सवाल पर लोढ़ा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रांतवाद व जातिवाद के आधार पर टिकट का वितरण नहीं करती है। लेकिन जो भी लोग आए हैं, उन्हें धैर्य के साथ पार्टी में काम करना चाहिए। लोढ़ा ने अपनी निजी जिंदगी का हवाला देते हुए कहा कि वह लंबे समय से विधायक रहे लेकिन मिनिस्टर बनने का मौका उन्हें बहुत लेट मिला। जबकि उनके जूनियर लोग पहले मिनिस्टर बन गए। उन्होंने कहा कि राजस्थान के जो भी लोग राजनीति क्षेत्र में सक्रिय हैं, उन्हें पूरे समर्पण और आत्मीयता के साथ पार्टी का काम करना चाहिए, पार्टी उनके साथ न्याय करेगी।
Editorial

Editorial

Next Story